Top Story

भोपाल के मिष्ठान भंडार से लिए गए सैंपल, एल्युमिनियम फॉयल के इस्तेमाल की आशंका: दीपावली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

 


भोपाल। दीपावली पर्व के मद्देनजर आम जनता को मिलावट रहित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भोपाल का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने शहर के चुनाभट्टी इलाके में स्थित 'बीकानेर मिष्ठान भंडार' पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने काजू कतली और बंगाली मिठाइयों के सैंपल लिए हैं, जिन पर चांदी के वर्क की जगह हानिकारक एल्युमिनियम फॉयल के इस्तेमाल का शक है।

जानकारी के अनुसार, इस प्रतिष्ठान का संचालन श्री सरमन राजपुरोहित द्वारा किया जा रहा है। जांच के दौरान जब खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दुकान में बिक्री के लिए रखी काजू कतली और बंगाली मिठाइयों को देखा, तो उन पर लगी वर्क सामान्य से कहीं अधिक चमकीली नजर आई। अधिकारियों ने जब शक होने पर वर्क को हाथ से रगड़कर चेक किया, तो वह आसानी से नहीं मिटी। इस आधार पर अधिकारियों को गहरा संदेह हुआ कि मिठाइयों को आकर्षक बनाने के लिए चांदी के वर्क के बजाय सस्ते एल्युमिनियम फॉयल का उपयोग किया जा रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक है।

इस गंभीर आशंका के चलते टीम ने तुरंत संबंधित मिठाइयों के नमूने जब्त कर लिए। इन नमूनों को अब गहन जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (लैब) में भेजा जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि लैब की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद, रिपोर्ट के आधार पर इस प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार सख्त अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के साथ ही खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने सभी मिठाई निर्माताओं और विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी है कि वे सजावट के लिए एल्युमिनियम फॉयल का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। उन्हें केवल खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरी उतरने वाली अनुमत चांदी की वर्क का ही उपयोग करने और पूरी साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने आम उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे मिठाइयों की खरीदारी करते समय केवल उनकी बाहरी चमक-दमक पर न जाएं, बल्कि गुणवत्ता और शुद्धता पर विशेष ध्यान दें। स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बिना वर्क वाली मिठाइयों का चुनाव करना भी ग्राहकों के लिए एक सुरक्षित विकल्प है। खाद्य विभाग का यह अभियान त्योहारी सीजन के दौरान लगातार जारी रहेगा।