उज्जैन में खड़े ट्रॉले में घुसी कार, चार की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने बरसाए पत्थर
उज्जैन एमपी में उज्जैन-जावरा स्टेट हाईवे पर दर्दनाक हादसा (Ujjain Road Accident News) हुआ है। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। हादसे के शिकार हुए लोग अपनी कार में कंबल बेचकर गुजारा करते थे, जो काम से निवृत्त होकर घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हादसे के शिकार हो गए। मंगलवार रात लगभग दो बजे इनकी कार उन्हेल-नागदा रोड पर इंगोरिया चौपाटी के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रॉले आरजे 09 सीसी 7076 में जा घुसी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही और दो अन्य की उज्जैन अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने ट्राला चालक घनश्याम पुत्र भंवर लाल मीणा उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम चरलिया ब्राह्मण निंबाहेड़ा चित्तौड़गढ़ राजस्थान के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार सभी मृतक देवास के ग्राम सतवास और अन्य क्षेत्रों में कंबल और चादर बेचने का काम करते थे। काम खत्म होने के बाद सभी घर लौट रहे थे। इसी दौरान हादसे के शिकार हो गए। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी डीआर जोगावत पुलिस बल के साथ रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन सुबह उन्हेल पहुंचे, जिन्हें पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिए गए। आक्रोशित भीड़ ने ट्रॉले पर बरसाए पत्थर उज्जैन-जावरा हाईवे पर हुआ हादसा इतना भीषण था कि इसकी आवाज दूर तक सुनाई दी और आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर पहुंचे ग्रामीणाों ने देखा कि ट्रॉले में कार घुसी हुई है और लोगों की जान चली गई। इस पर लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने अपना गुस्सा ट्रॉले पर पथराव कर निकाला और ट्रॉले के सारे कांच फोड़ दिए। इसके बाद सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया और ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला था। बताया जाता है कि सभी मृतक नीमच के ग्राम आलोटी गरवाडा के रहने वाले थे और देवास के सतवास से अपने गांव जा रहे थे। ये हुए हादसे के शिकार पुलिस ने बताया कि नीमच के ग्राम आलोटी गरवाडा निवासी कैलाश पुत्र लक्ष्मीनारायण चारण उम्र 42 वर्ष, राहुल पुत्र किशनलाल चारण उम्र 19 वर्ष, कूकाराम पुत्र भग्गाजी भांबी उम्र 32 वर्ष, लालाराम पुत्र शंकरलाल उम्र 48 वर्ष मंगलवार रात को हादसे का शिकार हो गए जो देवास के ग्राम सतवास से कार क्रमांक एमपी 44 सीए 3481 से अपने गांव जा रहे थे।
from Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश न्यूज़, Madhya Pradesh Samachar, मध्य प्रदेश समाचार, Madhya Pradesh Ki Taza Khabar, मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, MP News | Navbharat Times https://ift.tt/2VtmgJc
via IFTTT