Top Story

भोपाल: बैरागढ़ चीचली में फायरिंग मामले में 30 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

 


राजधानी भोपाल के कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते घर पर फायरिंग करने और आतंक फैलाने वाले 30 हजार रुपये के इनामी बदमाश अजय बोर्डे उर्फ गनपत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आयुक्त भोपाल श्री संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री शैलेंद्र सिंह चौहान और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त चूनाभट्टी श्री आलोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में थाना कजलीखेड़ा पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त 2026 की रात करीब 3 बजे फरिय़ादिया अपने घर पर सो रही थीं, तभी घर के बाहर फायरिंग की आवाज सुनाई दी। खिड़की से झांकने पर उन्होंने देखा कि जीतू यादव उर्फ दुर्गेश यादव और उसके साथ आरोपी अजय बोर्डे उर्फ गनपत हाथ में पिस्टल लिए खड़े थे। आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, गनीमत रही कि गोली नहीं चली, जिसके बाद उन्होंने घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ की और सफेद रंग की कार से मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर थाना कजलीखेड़ा में बीएनएस की धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान 17 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि बैरागढ़ चीचली इलाके में फायरिंग की घटना में शामिल आरोपी अजय बोर्डे 210 क्वार्टर के पास सड़क पर खड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में शामिल अन्य सह-आरोपियों, हथियारों तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन की तलाश की जा रही है। इस सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक केशांत शर्मा, उप निरीक्षक श्रीकांत त्रिवेदी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।