Top Story

सोते समय महिला सरपंच को करैत सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत


अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में सर्पदंश की घटनाएं लगातार जानलेवा साबित हो रही हैं। इसी बीच सरगुजा जिले के बतौली से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां जमीन पर सो रही महिला सरपंच को जहरीले करैत सांप ने डस लिया। समय पर जहर का पता न चल पाने और स्थिति बिगड़ने के कारण अस्पताल में इलाज शुरू होते ही महिला की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बतौली की सरपंच 48 वर्षीय जगरमती पैंकरा पत्नी विशुन पैंकरा के घर कुछ मेहमान आए हुए थे। मेहमानों को पलंग पर सुलाया गया था, जिसके चलते जगरमती खुद जमीन पर सोई थीं। रात करीब ढाई बजे अचानक उनकी नींद खुली और उन्हें उल्टियां होने लगीं। उन्होंने अपने पति को बताया कि उनके पेट में तेज मरोड़ हो रहा है।

परिवार के सदस्यों ने सामान्य पेट दर्द समझकर मालिश करना शुरू किया, तभी अचानक उनकी नजर पेट पर पड़ी जहां सांप के डसने के दो स्पष्ट निशान दिखाई दिए। घबराए परिजनों ने जब कमरे की अच्छे से तलाशी ली, तो वहां एक जहरीला करैत सांप छिपा हुआ नजर आया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि सांप ने ही उन्हें डसा है।

परिजनों ने बिना देर किए उन्हें स्थानीय शांतिपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। एम्बुलेंस से उन्हें तुरंत अंबिकापुर लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही और इलाज शुरू होते ही उनकी सांसें थम गईं। डॉक्टरों के मुताबिक, सांप का जहर पूरे शरीर में फैल चुका था, जिस कारण एंटी स्नेक वेनम दिए जाने के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।