Top Story

अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस का आयोजन आज

छिन्दवाड़ा: शासन के निर्देशानुसार 26 जून को नशीले पदार्थ के दुरूपयोग और अवैध व्यापार के विरूध्द अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के रूप में मनाया जायेगा। मादक पदार्थों, द्रव्यों, नशीली दवाओं एवं अन्य नशा सेवन की समाज में बढ़ रही प्रवृत्ति की रोकथाम और नशा सेवन से होने वाले दुष्परिणामों से युवाओं और छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस इस बार कोविड-19 वैश्विक महामारी के दृष्टिगत नये रूप में मनाया जायेगा।
      सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग के उप संचालक के.एल.बरडे ने बताया कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के दृष्टिगत शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों के तहत अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर जिले में संचालित नशामुक्ति सह पुनर्वास केंद्रों में भर्ती मरीजों और केंद्र में कार्यरत स्टॉफ को फलों आदि का वितरण कराया जायेगा। समाज के सभी वर्गो और छात्र-छात्राओं का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करते हुये नशामुक्ति/कोविड-19 विषय के अंतर्गत ऑनलाईन तात्कालिक भाषण, स्पीच प्रतियोगिता आदि आयोजित कराई जायेंगी। इस संबंध में उन्होंने कलापथक दल के प्रमुख कलाकार एवं मातृ सेवा संघ नशामुक्ति के अध्यक्ष को आवश्यक कार्यवाही के लिये निर्देशित किया है।