ᅠपुलिस अधीक्षक ने अंबाड़ा चौकी प्रभारी को भेजा प्रशंसा पत्र
Publish Date: | Tue, 30 Jun 2020 04:14 AM (IST)
15
तरुण सिंह मरकाम को भेजा प्रशंसा पत्र
जुन्नाारदेव।पुलिस चौकी अंबाड़ा क्षेत्र में पुलिस टीम के द्वारा कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए किए जा रहे कार्यों को लेकर की एस. पी. ने सराहना की। वैश्विक महामारी कोरोना काल के दौरान पुलिस चौकी अंबाड़ा क्षेत्र मे लॉकडाउन का पालन कराने एवं अपनी पूरी निष्ठा व ईमानदारी का निर्वहन करते हुए समाज हित के अलावा पुलिस कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए एवं क्षेत्र व क्षेत्रवासियों को कोरोना संक्रमण से बचाव में स्थानीय पुलिस टीम को साथ में लेकर अपनी बखूबी जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिस चौकी अंबाड़ा के प्रभारी उपनिरीक्षक तरुण सिंह मरकाम को पुलिस अधीक्षक विवेक अग्रवाल के द्वारा प्रशंसा पत्र भेजकर कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। सरवनलाल भारती, तौसीफ सिद्दीकी, ओ.पी. शर्मा सहित क्षेत्र के नागरिकों ने बधाई दी है।
श्रीराम संकीर्तन समिति की निरंतर निकाल रही प्रभात फेरी
14
रोज निकाली जा रही है प्रभात फेरी
जुन्नाारदेव। श्रीराम संकीर्तन समिति जुन्नाारदेव द्वारा नगर में शारीरिक अंतर रखते हुए संकीर्तन एवं भगवत भजनों का गायन कर प्रभात फेरी प्रतिदिन निकाली जा रही है। सदस्यों द्वारा घंटा, झांझ, मंजीरे, ढोलक इत्यादि वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि से गुंजारित एवं भक्ति रस से ओत प्रोत भजनों का समावेश करते हुए नगर में नुक्कड़ चौक से सिनेमा रोड, शिव मंदिर, काली मंदिर, वार्ड नंबर आठ से रेलवे कॉलोनी, हनुमान मंदिर, बंधा रोड से संकीर्तन करते हुए मुखर्जी चौक एवं श्रीराम मंदिर मे प्रभु के दर्शन करते हुए संकट मोचन हनुमान मंदिर मे संकीर्तन को विराम दिया जाता है। संकीर्तन में एस. के. सहाय, लल्लू यादव, पूनाराम मालवीय, झनकलाल सोनी, गया प्रसाद चौरसिया, किशोर मालवीय, नीतेश बंदेवार, सौरभ राठौर, बल्लू सिकरवार, डॉन बंदेवार, गोलू कहार, संतोष भलावी, राधेश्याम साहू, नन्हे कहार, हेमंत सोनी, धर्मेंद्र मालवीय, मुन्नाा जमधरिया, मुकेश एवं भोला सोनी उपस्थित रहे।
सचिवों व रोजगार सहायकों को 2 माह से नहीं मिला वेतन
परिवार के पालन पोषण में हो रहे परेशान
जुन्नाारदेव। विकासखंड की 95 पंचायतों में अपनी सेवा देने वाले ग्राम पंचायत सचिव और रोजगार सहायकों को बीते 2 माह से वेतन नहीं मिला है। विकासखंड की पंचायतों में कार्य करने वाले सचिव व रोजगार सहायकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उन्हें विभाग द्वारा महा मई, एवं जून का वेतन आ प्राप्त है। इधर जनपद पंचायत से जुड़े सूत्रों की मानें तो सरकार द्वारा 4 माह के अंतराल में वेतन प्रदाय करने के लिए दिया जाने वाला बजट स्वीकृत नहीं हो पाने के कारण दो माह से सचिवों को व रोजगार सहायकों को वेतन नहीं दिया जा सका है। ऐसा माना जा रहा है कि जुलाई माह में बजट स्वीकृत होते ही पंचायत कर्मियों को उनका वेतन प्रदान कर दिया जाएगा। पंचायत सचिव व रोजगार सहायकों ने कहा कि शासन द्वारा उन्हें प्रतिमाह वेतन प्रदाय किया जाना चाहिए जिससे उनके परिवार के पालन-पोषण में उन्हें परेशानी दिक्कतों का सामना ना करना पड़े।
कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष के बयान से मचा हंगामा
16
भाजपा ने कांग्रेस नेता के बयान मामले को लेकर थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
जुन्नाारदेव। नगर भाजपा मंडल जुन्नाारदेव ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम तिवारी पर अनर्गल रूप से बयानबाजी करने मामले को लेकर ज्ञापन सौंपा। मंडल अध्यक्ष नवजीत मोनू जैन ने थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को को दिए गए ज्ञापन में कहा कि रविवार के दिन श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक पर पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ का पुतला दहन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी कार्यक्रम के बीच अचानक कांग्रेस के विधायक एवं कार्यकर्ताओं द्वारा जबरन उत्पात मचाया गया, इसकी शिकायत भाजपा के द्वारा रविवार को जुन्नाारदेव थाने में की गई थी। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि उत्पात मचाने के बाद शहर को जलाने एवं ईंट से ईंट बजाने आदि की अनर्गल एवं आपत्तिजनक टिप्पणी ब्लॉक कांग्रेस घनश्याम तिवारी द्वारा की गई। जिसकी भाजपा ने कल थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते समय वीडियो क्लिपिंग भी दी है। ज्ञापन में भाजपा मंडल अध्यक्ष द्वारा उच्च पद पर रहते हुए इस तरह की बयानबाजी करने के इस मामले को अति संवेदनशील बताया है। उन्होंने ज्ञापन में कहा कि ऐसी टिप्पणी से शहर का माहौल खराब हो रहा है। आम जनता जनार्दन के बीच भय का माहौल व्याप्त है। ज्ञापन सौंपते हुए उन्होंने कहा कि बाहरी व्यक्ति द्वारा शहर की फिजा को इस तरह खराब कर दिए जाने की बयान बाजी के मामले में पुलिस द्वारा शीघ्र ही कार्यवाही की जाना चाहिए वही ज्ञापन सौंप भाजपा के नेताओं ने गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई करने की बात भी कही।
इनका कहना है
सत्ता में रहकर जो पार्टी पेट्रोल, डीजल एवं बिजली के दाम बढ़ा कर आम जनता को लूट रही है। पहले वे इसका जबाव दें। भाजपा द्वारा लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद है।
घनश्याम तिवारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जुन्नाारदेव
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

