Top Story

तबाह हो गई खेतों में खड़ी मक्का की फसल

Publish Date: | Mon, 31 Aug 2020 06:12 AM (IST)

फोटो 1

अमरवाड़ा में मक्के की फसल हुई आड़ी

अमरवाड़ा (नवदुनिया प्रतिनिधि)। मूसलधार बारिश ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। अच्छी फसल की कामना लिए बैठे किसानों की उम्मीद दो दिन की बारिश ने तोड़ दी। खेतों ने तालाब का रूप धारण कर लिया और बाढ़ की चपेट में आने से हजारों किसानों की फसलें बह गई। अमरवाड़ा मुख्यालय सहित सुरलाखापा, हर्रई, बटकाखापा, सिंगोड़ीके किसानों को फसल नुकसानी पर धनोरा परतापुर सहित पूरे ग्रामीण अंचल नगर ग्रामों में पिछले दो-तीन दिनों से जारी रिकॉर्ड तोड़ बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। बारिश से फसलें जलमग्न हो गई। फसलों की दुर्दशा देख किसान सिर पीटने और रोने मजबूर हो गए। कर्ज लेकर फसलों की बोवनी करने वाले किसान एक बार फिर तबाह हो गए हैं। किसानों को नुकसानी पर राहत मिलेगी या नहीं, यह चिंता उन्हें सता रही है। अभी तक कोई भी अफसर उनकी सुध लेने नहीं आए हैं। किसान गेती-फावड़ा लेकर खुद ही खेतों में भरे पानी की निकासी कर रहे हैं। लगातार बारिश से पूरा अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र जलमग्न हो गया है। नदी-नाले उफान पर आ गए। कुआं लबालब हो गए हैं। बारिश के कारण खेतों में लगी अधिकांश जगह खरीफ की फसल पानी में डूब गई है, मक्का, सोयाबीन, गन्नाा सहित दलहन फसलों को झमाझम बारिश से फसल आड़ी बिछ गई है। खराब हुई फसलों को लेकर अभी तक प्रशासन द्वारा कोई सर्वे कराने के लिए कदम नहीं उठाए गए हैं हालांकि कलेक्टर सौरभ सुमन द्वारा बिगत दिन किसानों की खराब हुई फसलों के नुकसान का सर्वे कराने की बात कही है कहां कितना नुकसान हुआ है इसके आधिकारिक आंकड़े सर्वे के बाद ही सामने आएंगे फिलहाल अनुमान लगाया जाए तो मूसलाधार बारिश से सोयाबीन एवं अधिकतर मक्का की फसलों को काफी नुकसान हो गया है अमरवाड़ा क्षेत्र के किसान बालकृष्ण साहू, जगदीश सोनी, जयशंकर प्रसाद, मोहन, परसादी राजेंद्र, छोटे लाल, संतोष, परषोत्तम, शेख मुख्तियार, भोपसिंग आदि ने कलेक्टर एवं अमरवाड़ा एसडीएम तथा तहसीलदार से फसलों का सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की है।

Posted By: Nai Dunia News Network

नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

डाउनलोड करें नईदुनिया ऐप | पाएं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ नईदुनिया ई-पेपर,राशिफल और कई फायदेमंद सर्विसेस

डाउनलोड करें नईदुनिया ऐप | पाएं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ नईदुनिया ई-पेपर,राशिफल और कई फायदेमंद सर्विसेस

Source