पूर्व सांसद आलोक संजर व पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा सहित 234 नए पॉजिटिव मरीज मिले
Publish Date: | Sun, 13 Sep 2020 02:47 PM (IST)
पूर्व सांसद आलोक संजर व पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा सहित 234 नए पॉजिटिव मरीज मिले-000
– राजधानी में संक्रमितों की संख्या हुई 13444, बीते 10 दिन से रोज मिल रहे 200 से ज्यादा मरीज
भोपाल। नवदुनिया प्रतिनिधि
राजधानी में पिछले 10 दिन से लगातार 200 से ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। रविवार को भी 234 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसमें भोपाल के पूर्व भाजपा सांसद आलोक संजर और कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे सज्जन सिंह वर्मा की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। संपदा विभाग ने पूर्व मंत्री वर्मा के जिस सरकारी आवास को खाली कराया था, वर्मा ने जांच के दौरान उसी चार इमली स्थित आवास का नंबर अपने पते के रूप में दर्ज कराया है। सीआरपीएफ अस्पताल बंगरासिया से भी 10 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सेना के अस्पताल ईएमई सेंटर में एक साथ 14 लोग संक्रमित निकले हैं। एम्स, गांधी मेडिकल कॉलेज, हमीदिया अस्पताल व जेपी अस्पताल से भी एक-एक व्यक्ति संक्रमित निकला है।
पुराने शहर के कोतवाली रोड स्थित इलाहाबाद बैंक से 6 लोग पॉजिटिव मिले हैं। पथरिया जाट गांव से 5 व जाघरिया गांव से 3 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नई केंद्रीय जेल और पुरानी जेल जहांगीराबाद से एक-एक कैदी पॉजिटिव आया है। जहांगीराबाद इलाके में दो लोग संक्रमित मिले हैं। एलएन मेडिकल कॉलेज में भी तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं चार इमली से 2 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शहर में अब संक्रमितों की संख्या 13444 हो गई है, जबकि 11000 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। कोरोना से अब तक 231 मरीजों की मौत हुई है, वहीं 2212 संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज जारी है। पहली बार सक्रिय संक्रमितों की संख्या 2200 के पार हो गई है। शहर के अस्पतालों में कोरोना मरीजों के लिए उपलब्ध बिस्तरों की संख्या 2800 है। यदि इस तेजी से संक्रमित मरीज मिलते रहे तो राजधानी में जल्द ही कोरोना पॉजिटिव मरीजों के लिए बिस्तरों की कमी हो सकती है।
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे