आइआइएम के प्रोफेसर स्कूलों के शिक्षकों को पढ़ाएंगे समय प्रबंधन का पाठ
Publish Date: | Fri, 11 Sep 2020 10:01 AM (IST)
आइआइएम के प्रोफेसर स्कूलों के शिक्षकों को पढ़ाएंगे समय प्रबंधन का पाठ-000
राज्य शिक्षा केंद्र ने जारी किए निर्देश, ऑनलाइन दिया जाएगा प्रशिक्षण
भोपाल । नवदुनिया प्रतिनिधि
कोरोना महामारी के कारण लोगों में तनाव बढ़ गया है। शिक्षकों और विद्यार्थियों में भी यह समस्या देखने मिल रही है। सरकारी स्कूलों में इस तरह के तनाव को दूर करने का बीड़ा आइआइएम (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट) ने उठाया है। आइआइएम इंदौर के प्रोफेसर स्कूलों के शिक्षकों को समय प्रबंधन का पाठ पढ़ाएंगे, जिससे वे अपना और विद्यार्थियों का तनाव दूर कर सकेंगे। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने आइआइएम इंदौर से अनुबंध किया है। यह प्रशिक्षण पहली से 12 वीं कक्षा के शिक्षकों के लिए होगा। इसके लिए शिक्षकों को 12 सितंबर तक आवेदन करना है। इसके बाद एक लिंक दी जाएगी, जिसके माध्यम से शिक्षक ऑनलाइन जुड़ सकेंगे। प्रशिक्षण लेने के बाद सभी शिक्षक स्कूल खुलने पर विद्यार्थियों को इसकी जानकारी देंगे। राज्य शिक्षा केंद्र ने इस संबंध में शिक्षकों को ऑनलाइन पंजीयन कराने के निर्देश दिए हैं। पहले चरण में 10 फीसद शिक्षकों को 6 सत्र में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शिक्षकों से भरवा रहे प्रश्नावली
इस प्रशिक्षण में शिक्षकों को तनाव दूर करने के अलावा समय प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए शिक्षकों से प्रश्नावली भरवाई जा रही है, ताकि समस्याओं का पता लगाया जा सके। इसमें विपरित परिस्थिति में क्रोध नियंत्रण, समय प्रबंधन आदि विषय से जुड़े प्रश्न पूछे जा रहे हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी भी शामिल होंगे।
…………
कोरोना काल में शिक्षकों में तनाव की समस्या देखी जा रही है। इस कारण सरकारी स्कूल के शिक्षकों को आइआइएम इंदौर के प्रोफेसर तनाव व समय प्रबंधन का प्रशिक्षण देंगे।
ओएल मंडलोई, अपर संचालक, राज्य शिक्षा केंद्र
00000000000000
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे