Top Story

राष्ट्रपति कोविंद स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करेंगे

नई दिल्ली राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद देश के 75 वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को राष्ट्र को संबोधित करेंगे। राष्ट्रपति भवन से जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। इसमें कहा गया है कि राष्ट्र के नाम राष्ट्रपति के संबोधन का प्रसारण शाम सात बजे से आकाशवाणी के सभी नेटवर्क पर और दूरदर्शन के सभी चैनलों पर होगा । राष्ट्रपति का संबोधन पहले हिन्दी में और उसके बाद अंग्रेजी में प्रसारित होगा। विज्ञप्ति के अनुसार, दूरदर्शन पर हिन्दी और अंग्रेजी के बाद उसके क्षेत्रीय चैनलों पर क्षेत्रीय भाषाओं में इसका प्रसारण होगा। इसमें कहा गया है कि आकाशवाणी के क्षेत्रीय नेटवर्कों पर रात साढ़े नौ बजे क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारण होगा। आजादी के 75वें वर्षगांठ पर यह संबोधन ऐसे समय में हो रहा है जब देश लगातार दूसरे साल कोरोना महामारी से जूझ रहा है। इसके अलावा देश के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। तोक्यो ओलिंपिक में हमारे खिलाड़ियों ने अब तक का बेहतरीन प्रदर्शन कर देश को गर्व करने का एक और मौका दिया है। ओलिंपिक में हमारी बेटियों ने हॉकी, बॉक्सिंग, बैडमिंटन से लेकर गोल्फ में जिस तरह से प्रदर्शन किया है उससे देश को उनपर नाज है।


from https://ift.tt/3sg0Ds0 https://ift.tt/2EvLuLS