Datia Accident: हादसे का वो दर्दनाक मंजर, नीचे पानी, ऊपर ट्रैक्टर ट्रॉली, मच गई चीख-पुकार
दतिया झांसी-कानपुर हाईवे पर शुक्रवार शाम को ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से हुए हादसे में 11 लोगों की हुई मौत हो गई। मृतकों में छोटे-छोटे मासूम बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। सभी लोग पंडोखर से चिरगांव के ग्राम छिरौना में पूजा करने आ रहे थे। तभी यह हादसा हो गया। मध्य प्रदेश के पंडोखर से एक ट्रैक्टर ट्रॉली में लगभग 32 लोग सवार होकर झांसी के चिरगांव थानान्तर्गत छिरौना गांव में पूजा करने आ रहे थे। ट्रैक्टर ट्रॉली जब चिरगांव छिरौना के पास पहुंचा, तभी अचानक एक जानवर आ गया। यह देख ट्रैक्टर चालक अपना संतुलन खो बैठा। ट्रैक्टर सड़क से उतरकर धान के खेत में पलट गया। मौतें ज्यादा होने का बड़ा कारण यह रहा कि खेत में नहर का पानी भरा हुआ था। ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार सभी लोग नीचे दब गए। पीड़ित पानी में डूबे हुए थे और उन्हें निकलने का कोई रास्ता नहीं मिल पाया क्योंकि ट्रैक्टर ट्रॉली उनके ऊपर था। नीचे दबे लोगों में चीख पुकार मच गई। यह मंजर देख पूले इलाके में अफरा तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर के नीचे दबे सभी लोगों को किसी तरह बाहर निकलकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने 7 महिलाओं और 4 बच्चों को मृत घोषित कर दिया। करीब आधा दर्जन घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतकों में 40 वर्षीय पुष्पा देवी, 40 वर्षीय मुन्नी देवी, 35 वर्षीय सुनीता बाई, पूजा देवी, 45 वर्षीय राजो, 50 वर्षीय प्रेमवती और 55 वर्षीय कुसमा शामिल हैं। मरने वाले बच्चों में कृस्या, परी, अनुष्का और अबी शामिल हैं। अस्पताल के बाहर जब ये शव एक साथ रखे गए तो चीत्कार मच गया। परिजनों के रोने-धोने से मातम पसर गया।
from Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश न्यूज़, Madhya Pradesh Samachar, मध्य प्रदेश समाचार, Madhya Pradesh Ki Taza Khabar, मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, MP News | Navbharat Times https://ift.tt/3j5watt
via IFTTT