Top Story

मंत्री बिसाहूलाल के बयान पर भड़का सवर्ण समाज, करणी सेना ने बर्खास्तगी की मांग कर सीएम को दी चेतावनी

खरगोन मध्य प्रदेश के खाद्य और आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह के बयान (bisahulal singh viral video) के खिलाफ सवर्ण समाज का गुस्सा लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को खरगोन में करणी सेना () के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए मंत्री का पुतला फूंका और नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी झूमाझटकी भी हुई। संगठन के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की। साथ ही चेतावनी भी दी कि ऐसा नहीं हुआ तो वे बिसाहूलाल सिंह का पूरे प्रदेश में विरोध करेंगे। शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नेतृत्व में लोगों का हुजूम श्री कृष्ण टॉकीज चौराहे पर एकत्रित हुआ। उन्होंने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। पुतला जलाने के दौरान पुलिसकर्मियों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ धक्कामुक्की भी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिसाहूलाल सिंह का बयान बेहद आपत्तिजनक और सवर्ण समाज की महिलाओं का अपमान है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने याद दिलाया कि एक बार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सवर्ण समाज को लेकर माई का लाल वाला बयान दिया था। इसके बाद विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि बिसाहूलाल सिंह को मंत्री पद से हटाएं। यदि मंत्री के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई नहीं की गई तो वे जहां भी जाएंगे, करणी सेना के कार्यकर्ता उनका विरोध करेंगे। गुरुवार को शहडोल में बिसाहूलाल सिंह ने लोगों से कहा कि सवर्ण समाज के लोग अपने घर की महिलाओं को कोठरी में बंद कर दते हैं। आंगन लिपने और धान काटने का काम दूसरी महिलाएं करती हैं। इससे समाज में समानता कैसे आएगी। बिसाहूलाल ने कहा कि हम यहां भाषण देंगे और करेंगे कुछ नहीं, तो महिलाएं कैसे आगे बढ़ेंगी। वहां मौजूद लोगों को भड़काते हुए उन्होंने कहा कि आप बड़े-बड़े ठाकुर महिलाओं को घर से खींचकर लाओ और उनसे काम करवाओ।



from Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश न्यूज़, Madhya Pradesh Samachar, मध्य प्रदेश समाचार, Madhya Pradesh Ki Taza Khabar, मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, MP News | Navbharat Times https://ift.tt/3r7PP0C
via IFTTT