UP Election 2022 : जनता का पैसा...दीवार और बुलडोजर, अब तो गाय माता भी सुरक्षित, योगी का आक्रामक तेवर बरकरार
मथुरा : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा के मांट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जनता को सपा-बसपा और भाजपा के शासन का अंतर बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास भी होगा और जनता के पैसे को दीवार में चिनवा देने वालों के खिलाफ बुलडोजर चलाने का काम भी जारी रहेगा। योगी ने चुनावी कार्यक्रम के दौरान जहां भाजपा सरकार के विकास कार्यों को गिनाया, तो वहीं मथुरा के कोसीकलां, जवाहरबाग, आगरा, मुजफ्फरनगर में घटी घटनाओं का जिक्र करते कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में प्रदेश में छोटे-बड़े 700 दंगे हुए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पांच साल में 700 से अधिक तीर्थों का पुनरुद्धार किया जबकि सपा शासन में विकास सिर्फ कब्रिस्तानों की चारदीवारी तक सिमट कर रह गया था। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'वह कहते हैं कि बुलडोजर चला रहे हैं। हमने कहा कि गरीबों का पैसा छीनकर दीवारों में चिनवा देने वालों के खिलाफ एक हाथ से बुलडोजर चलना जारी रहेगा तो दूसरे हाथ से विकास के काम भी चलते रहेंगे।' योगी ने पिछली सरकारों की तुलना वर्तमान भाजपा सरकार से करते हुए कहा, 'उन दिनों गरीब, किसान, बेटी, महिला, व्यापारी, नौजवान कोई भी सुरक्षित नहीं था। घर से बाहर जाने वाले के बारे में निश्चित नहीं रहता था कि वो भली प्रकार से लौट भी पाएगा, या नहीं। लेकिन आज हर बेटी सुरक्षित है। माताएं सुरक्षित हैं। गोमाता भी सुरक्षित है। चहुंओर सुरक्षा का वातारण है। पिछली सरकारें सुरक्षा दे पाती, तो इतने दंगे नहीं होते। वे स्वयं ही सुरक्षा के लिए खतरा थे।' मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा कि 2017 में जब भाजपा सरकार आई, तब इन स्थितियों में परिवर्तन हुआ। पहले कानून-व्यवस्था सुदृढ़ न होने से निवेश भी मिलना दूभर था। तब, अराजकता थी, अनाचार था। अब विकास की बहार है। उस काल में 700 दंगे हुए, लेकिन पिछले पांच वर्षों में एक भी दंगा नहीं हुआ। योगी ने इसके अलावा अपनी सरकार और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।
from https://ift.tt/E10crDT https://ift.tt/iLHIWlE