Top Story

एलिमनी और भारी कर्ज के बोझ ने ली गुरुग्राम के सॉफ्टवेयर इंजीनियर की जान

गुरुग्राम: देशभर में वैवाहिक विवादों और उसके बाद कोर्ट द्वारा तय की जाने वाली भारी-भरकम एलिमनी (भरण-पोषण) को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुग्राम में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन ने आर्थिक तंगी और भारी मानसिक तनाव के चलते नोएडा की सुपरनोवा बिल्डिंग की 43वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। मरने से पहले उन्होंने अपने पिता को एक बेहद दर्दनाक व्हाट्सएप मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था— "पापा, अब आपको किसी के पैसे नहीं देने पड़ेंगे।"

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, संभव जैन की शादी वर्ष 2023 में हुई थी, जिसके बाद उनके घर एक बच्चे का जन्म हुआ। बच्चा समय से पहले (प्री-मैच्योर) पैदा हुआ था, जिसके इलाज में भारी-भरकम पैसा खर्च हो गया, जिससे वह आर्थिक रूप से काफी कमजोर हो चुके थे। इसी बीच पारिवारिक कलह और विवाद बढ़ने लगे और आखिरकार दोनों का कानूनी रूप से तलाक हो गया।

तलाक के बाद पुलिस और पारिवारिक जानकारी के अनुसार, तय हुआ सेटलमेंट लगभग 15 लाख रुपये का था, जिसे दो किस्तों में चुकाया जाना था। इसमें से वह 7-8 लाख रुपये का भुगतान पहले ही कर चुके थे, लेकिन बाकी बची हुई रकम और अन्य देनदारियों को लेकर वह भारी मानसिक दबाव में थे।

बढ़ता कर्ज और मानसिक तनाव

जब बकाया किस्त चुकाने का वक्त आया, तो उनकी आर्थिक स्थिति पूरी तरह चरमरा चुकी थी। कमाई से अधिक एलिमनी और कर्ज के दबाव ने उनके सामने जीवन का कोई अन्य रास्ता नहीं छोड़ा। लगातार मानसिक तनाव और दबाव के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।

यह कोई पहला मामला नहीं है जब इस तरह के आर्थिक और मानसिक दबाव के कारण किसी युवा को अपनी इस स्थिति का सामना करना पड़ा हो। इस प्रकार के मामलों में या तो व्यक्ति कर्ज के दलदल में फंस जाता है या फिर मानसिक प्रताड़ना के चलते आत्महत्या जैसा कदम उठा लेता है। एक हंसता-खेलता परिवार और पिता के लिए ऐसा आखिरी संदेश जीवन का सबसे बड़ा और असहनीय दर्द बन गया है।