छिंदवाड़ा: महिला से चाकू की नोक पर लूट का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
छिंदवाड़ा के कुंडीपुरा थाना क्षेत्र में 20 अक्टूबर की रात एक महिला से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात को पुलिस ने सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। किराना सामान लेने जा रही 29 वर्षीय प्रियंका साहू को कुसमेली टेकड़ी के पास चार युवकों ने घेर लिया था। हनुमान मंदिर के समीप आरोपियों ने चाकू की नोक पर महिला से मारपीट की और हाथ मरोड़कर उसका पर्स छीन लिया। इस पर्स में एक रियलमी (Realme) मोबाइल और करीब 700-800 रुपये नकद थे।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज इस मामले में पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर चार आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कल्लू उर्फ दीपक गुन्हेरे (21), विनय उर्फ डंक (19), साहिल धुवे (21) और नारायण उइके (21) के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी कल्लू के खिलाफ कुंडीपुरा थाने में पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हथियार और लूट का सामान बरामद पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (MP 28 ZE 7854), एक धारदार चाकू, लूटा गया महिला का पर्स और रियलमी मोबाइल बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
