समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक संपन्न
छिन्दवाड़ा: कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय सीमा के प्रकरणों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री सुमन ने समय सीमा के लंबित प्रकरणों के साथ ही सी.एम.हेल्प लाईन, उत्तरा पोर्टल पर जनसुनवाई की प्रगति, विभिन्न आयोगों एवं वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों और न्यायालय संबंधी लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुये संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिये। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेंद्र सिंग नागेश, वनमंडलाधिकारी श्री आलोक पाठक, अपर कलेक्टर श्री राजेश बाथम, संयुक्त कलेक्टर श्री राजेश शाही, एस.डी.एम.छिन्दवाड़ा श्री अतुल सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह व डिप्टी कलेक्टर श्री अजीत तिर्की सहित विभिन्न विभागों के विभाग प्रमुख एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे, जबकि मुख्यालय के अलावा अन्य नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं अन्य क्षेत्रीय अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुये। यह बैठक सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित करते हुये दो सत्रों में संपन्न हुई।
कलेक्टर श्री सुमन ने कहा कि सी.एम.हेल्पलाईन की शिकायतों के निराकरण में प्रति सप्ताह प्रगति दिखना चाहिये। जिन विभागों में शिकायतें लगातार आ रही हैं, संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उन शिकायतों को देखें और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करायें। बिना किसी ठोस कारण के शिकायतों के निराकरण में विलंब स्वीकार नहीं किया जायेगा। उत्तरा पोर्टल पर जनसुनवाई प्रकरणों के निराकरण में प्रगति की समीक्षा करते हुये कलेक्टर श्री सुमन ने कहा कि आम जन की शिकायतों का निराकरण संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिये। जनसुनवाई के प्रकरणों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी। उन्होंने निराकरण योग्य सभी शिकायतों का निराकरण तत्काल कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।
कलेक्टर श्री सुमन ने प्रति सप्ताह समीक्षा के बाद भी विभिन्न आयोगों एवं वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण में अपेक्षित प्रगति दिखाई नहीं देने पर संबंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि इन शिकायतों का निराकरण अगली समय सीमा के बैठक के पूर्व तक अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने निर्देश दिये कि कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी पंचायती राज से संबंधित नलजल योजना की लंबित शिकायतों की वस्तुस्थिति देखें और उनका निराकरण करायें। नगर निगम आयुक्त एस.डी.एम. छिन्दवाड़ा से समन्वय स्थापित करते हुये सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिये नये स्थल पर शिफ्टिंग का कार्य यथाशीघ्र करते हुये कचरा प्रोसेसिंग यूनिट को 15 जुलाई तक अनिवार्य रूप से प्रारंभ कराना सुनिश्चित करें। महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभाग विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिये फिजिकल डिस्टेंसिंग व मास्क सहित अन्य सभी आवश्यक उपायों का पालन अनिवार्य रूप से करायें। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के महाप्रबंधक को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री सुमन ने निर्देश दिये कि स्वास्थ्य विभाग कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये किये जा रहे उपायों के साथ ही अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव और उपचार के कार्य भी जारी रखे। शहरी क्षेत्रों में आवारा पशु पाये जाने पर संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी उन्हें नजदीकी गौशाला तक पहुंचाने की व्यवस्था करें। कृषि विभाग के अधिकारी मक्का फसल पर लगने वाले फॉल आर्मी वर्म के नियंत्रण के लिये प्रयास करें, फील्ड पर जाकर वस्तुस्थिति देखे और कृषकों को यथासंभव सहायता और मार्गदर्शन प्रदाय करें। उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिले में सभी राशन दुकानें ऑन लाईन संचालित होनी चाहिये। हितग्राहियों को राशन वितरण के दौरान शारीरिक दूरी का पालन भी सुनिश्चित करायें। मुख्य नगर पालिका अधिकारी चौरई जल की आपूर्ति के लिये केन्द्रीय विद्यालय की बाउंड्रीवाल तक पाईप लाईन पहुंचाने का कार्य शीघ्र करें। सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रधानमंत्री पथ विक्रेता आत्म-निर्भर निधि योजना के अंतर्गत पंजीकृत शत-प्रतिशत व्यक्तियों के सत्यापन, अनुमोदन और प्रमाण पत्र प्रदाय करने का कार्य आगामी 3 दिवस में करते हुये उन्हें शासन की मंशानुरूप 10 हजार रूपये का ऋण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कृषक भुगतान एवं हितग्राहीमूलक अन्य भुगतान संबंधी सभी प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर तत्काल कराने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिये।