Top Story

तीन जिलों में वाहन चोरी करने वाला गिरोह पकड़ाया, 27 दोपहिया वाहन, तीन ट्रैक्टर जब्त

Publish Date: | Thu, 30 Jul 2020 04:05 AM (IST)

पुलिस के वीडीपी पोर्टल की मदद से पकड़ाया गिरोह

इमलीखेड़ा में एक आरोपित बेच रहा था चोरी की बाइक

फोटो 8

पुलिस ने किए वाहन जब्त

छिंदवाड़ा। कोतवाली पुलिस दोपहिया वाहन चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है, इस गिरोह का नेटवर्क छिंदवाड़ा के अलावा बैतूल और सिवनी में भी था, आरोपित अन्य जिलों में वाहन चोरी कर उसे बेच देते थे। पुलिस ने इस गिरोह के सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से 27 दोपहिया वाहन तथा तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं। जब्त किए गए वाहनों की कीमत 35 लाख रुपये की करीब है। एसपी विवेक अग्रवाल ने कंट्रोल रूम में इस वाहन चोर गिरोह के संबंध में प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी तथा बताया कि 28 जुलाई को कोतवाली पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि इमलीखेड़ा चौक के समीप कुछ लोग वाहनों के खरीदी व ब्रिकी की बात कर रहे हैं जो संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर चार संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा तथा उनसे वाहनों को लेकर पूछताछ की गई।

एसपी श्री अग्रवाल ने बताया कि भोपाल पुलिस मुख्यालय द्वारा तैयार किए गए वीडीपी पोर्टल के द्वारा वाहनों की जानकारी जुटाई गई तो वाहन संदिग्ध पाए गए। जब चारों संदिग्धों से बारीकी से पूछताछ की गई तो पूरी कहानी साफ हो गई तथा आरोपितों ने अपने तीन जिलों में फैले वाहन चोरी के नेटवर्क की जानकारी पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस ने अब तक इस गिरोह के सात लोगों को गिरफ्तार किया है। जिसमें से एक नाबालिग है। इस मामले में पुलिस चोरी के वाहन खरीदने व गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। इस गिरोह को पकड़ने में मुख्य भूमिका में कोतवाली टीआई मनीषराज सिंह भदौरिया, एएसआई राघवेंद्र उपाध्याय, आरक्षक राहुल शर्मा, अंकित जैन, उत्तम सिंह, रवि पवार, सायबर सेल की टीम आदित्य रघुवंशी, नितिन रघुवंशी शामिल थे।

– गिरोह का मास्टर माइंड है चैतराम

एसपी विवेक अग्रवाल ने बताया कि इस चोर गिरोह का मास्टर माइंड चैतराम पिता ढोंडू चौरे 30 निवासी ग्राम कोटलबर्री थाना चांद है, जो गिरोह का संचालन करता था तथा किसे कहां पर काम करना है इसकी जानकारी देता था। गिरोह का एक अन्य आरोपित पवन उर्फ समीर वर्मा (32) निवासी नया बैल बाजार छिंदवाड़ा जो पेशे से वकील भी है वहीं वाहनों की ब्रिकी करने का काम संभालता था तथा गिरोह में अन्य युवकों को जोड़ने का काम करता था। इस गिरोह में पकड़े गए आरोपितों में संजय पिता बलराम सैयाम (20) निवासी ग्राम कोटलबर्री चांद, श्रीओम उर्फ विक्की पिता बुद्वमान चौरे (23) निवासी बीजेपानी चांद, लक्ष्मण पिता आषाडू वर्मा (32) निवासी जटलापुर कुंडीपुरा, अज्जू पिता छतन वर्मा (23) वर्ष जटलापुर कुंडीपुरा तथा एक अन्य नाबालिग शामिल है। पुलिस पकड़े गए आरोपितों का पुराना पुलिस रिकार्ड के साथ ही अन्य जिलों में की गई चोरी की वारदात की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ करेगी।

Posted By: Nai Dunia News Network

नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

डाउनलोड करें नईदुनिया ऐप | पाएं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ नईदुनिया ई-पेपर,राशिफल और कई फायदेमंद सर्विसेस

डाउनलोड करें नईदुनिया ऐप | पाएं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ नईदुनिया ई-पेपर,राशिफल और कई फायदेमंद सर्विसेस

Source