6 माह से लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से करें निराकरण
Publish Date: | Fri, 07 Aug 2020 04:03 AM (IST)
राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्ना
छिंदवाड़ा। कलेक्टर सौरभ सुमन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्ना हुई । कलेक्टर श्री सुमन ने निर्देश दिए कि राजस्व के नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन के प्रकरण निर्धारित समय सीमा में निराकृत करें तथा निराकरण की ऐसी प्रणाली विकसित करें जिससे प्रकरणों की जानकारी पारदर्शिता के साथ मिले और प्रकरण शीघ्र निराकृत हों। आर.सी.एम.एस. में दर्ज प्रकरणों का भी समय पर निराकरण करें और 6 माह से अधिक के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करें। सभी राजस्व प्रकरण निष्पक्षता और विधि के अनुसार निराकृत करें जिससे हितग्राही समय पर लाभान्वित हो सकें । उन्होंने निर्देश दिये कि हर तहसील में तहसीलदार प्रति सप्ताह और राजस्व अनुविभागीय अधिकारी 15 दिनों में पटवारियों की समीक्षा बैठक लेकर राजस्व प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करें और लंबित प्रकरणों का निराकरण कराएं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं प्रति माह पटवारियों की समीक्षा बैठक लेंगे।
कलेक्टर श्री सुमन ने मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता के अंतर्गत राजस्व न्यायालयों की प्रकिया नियम 2019 में राजस्व मामले/मूल आवेदन की प्रस्तुति एवं फीस से संबंधित जारी नये दिशा निर्देशों के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना और आत्म-निर्भर भारत योजना के अंतर्गत निश्शुल्क खाद्यान्ना वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों को जुलाई माह तक का राशन 10 अगस्त तक वितरित करें और माह अगस्त के राशन का उठाव कर वितरण भी सुनिश्चित करें। उन्होंने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत नवीन पात्र हितग्राहियों को जोड़ने के अभियान के साथ ही नाम हटाने के लिये दावे और आपत्ति प्राप्त करने की तिथियों का व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए।
बैठक में अनुपस्थित रहने वाले दो अधिकारियों का कटेगा एक दिन का वेतन
जनपद पंचायत परासिया के अनुविभागीय अधिकारी और मोहखेड़ के सहायक यंत्री का कटेगा वेतन
छिंदवाड़ा। कलेक्टर सौरभ सुमन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में ग्रामीण विकास और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्ना हुई। कलेक्टर श्री सुमन ने निर्देश दिए कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत प्रत्येक जनपद में कार्यो की संख्या बढ़ाकर अधिक से अधिक मजदूरों को रोजगार उपलब्ध करायें । प्रत्येक जनपद पंचायत में एक लाख से अधिक मजदूरों को रोजगार में लगाना सुनिश्चित करें तथा 15 दिनों के भीतर कार्यो को पूर्ण करने की प्रगति दिखाए। आगामी बैठक में प्रगति कम दिखने पर संबंधित के विरूध्द अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बैठक में अनुपस्थित रहने पर ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के जनपद पंचायत परासिया के अनुविभागीय अधिकारी और जनपद पंचायत मोहखेड़ के सहायक यंत्री के एक-एक दिन के वेतन की कटौती करने तथा कार्य में लापरवाही बरतने वाले उप यंत्रियों की संविदा सेवायें समाप्त करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पूर्व वर्षो के अपूर्ण कार्यो को पूर्ण करने और नये कार्यो को प्रारंभ करने के लिए कहा।
3 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
छिंदवाड़ा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेंद्र सिंह नागेश के मार्गनिर्देशन में म.प्र.राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा ई-शक्ति योजना के अंतर्गत स्व-सहायता समूह के दस्तावेजों को कंप्यूटरीकृत किए जाने के लिये 3 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ । यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी 7 अगस्त तक चलेगा जिसमें स्व-सहायता समूह की महिलाओं को एनिमेटर के रूप में चयन कर समूह के दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन के लिये प्रयास किए जाएंगे । प्रथम दिन के प्रशिक्षण में प्रथम बैच में 14 एनिमेटर और द्वितीय बैच में 12 एनिमेटर सहभागी रहे।
म.प्र.राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक रेखा अहिरवार ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से स्व-सहायता समूह के दस्तावेजों में एकरूपता आएगी, दस्तावेजों में पारदर्शिता रहेगी और बैंकों को समूह की ग्रेडिंग किए जाने के लिए ऑनलाइन जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। इस प्रशिक्षण से बैंकों को ग्रेडिंग करने और स्व-सहायता समूह को ऋण प्रदान करने में आवश्यक सहायता मिल सकेगी ।
जिले में अभी तक 558.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज
छिंदवाड़ा। जिले में अभी तक 558.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 385.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जिले में गुरुवार सुबह 8 बजे तक 28.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि गुरुवार को तहसील छिंदवाड़ा में 62, मोहखेड़ में 78.4, तामिया में 25, अमरवाड़ा में 5.2, चौरई में 24, सौंसर में 39, पांढुर्णा में 17.2, बिछुआ में 20.6, परासिया में 11.8, जुन्नाारदेव में 43.2, चांद में 15.4 और उमरेठ में 26.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि जिले में एक जून से अभी तक तहसील छिन्दवाडा में 474.9, मोहखेड में 582.2, तामिया में 505, अमरवाड़ा में 665.4, चौरई में 742.4 हर्रई में 319.8, सौंसर में 614.5, पांढुर्णा में 604.4, बिछुआ में 531.4, परासिया में 536.9, जुन्नाारदेव में 704, चांद में 483.5 और उमरेठ में 497.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई।
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

