महाविद्यालय में चलाया जा रहा मतदाता जागरुकता अभियान
Publish Date: | Sun, 30 Aug 2020 04:13 AM (IST)
दमुआ। शासकीय महाविद्यालय दमुआ में प्रभारी प्राचार्य अजय कुमार नावरे के निर्देशन तथा स्वीप प्लान प्रमुख डॉ. रंजना चौहान के सहयोग से महाविद्यालय में प्रवेश हेतु आने वाले नए पात्र आवेदकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु जागरूक किया जा रहा है। मालूम हो कि महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विविध मतदान केंद्रों से विद्यार्थी आ रहे हैं। इन विद्यार्थियों को मतदान हेतु जागरूक कर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरुकता लाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। इस प्लान के तहत प्रभारी प्राचार्य द्वारा कोविद 19 से बचाव हेतुआवश्यक दिशा निर्देश भी दिए जा रहे हैं। वही स्वीप प्लान अधिकारी डॉ रंजना चौहान द्वारा मतदान की महत्ता को बताते हुए फॉर्म नंबर 6 के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला गया। इस अभियान के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए महाविद्यालय के समस्त अधिकारियों कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा।
दो दिन से बाढ़ में फंसे 10 लोगों को प्रशासन ने सुरक्षित निकाला
सौंसर। क्षेत्र में बाढ और बारिश का कहर लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा है, बारिश के चलते गांवों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, बारिश बाढ़ ने चारों ओर तबाही मचा दी है, सैकड़ों घरों में पानी घुसने और 60 से अधिक जानवरों की बाढ़ से मौतें होने की जानकारी मिली है, लगभग 36 घंटे से अधिक समय हो चुका है, अब तक रामाकोना गहरानाला पुल से पानी नहीं उतरा है। जिसके कारण शुक्रवार दोपहर 12 बजे से लेकर नागपुर छिंदवाड़ा मुख्य मार्ग पूरी तरह से बंद है, क्षेत्र की कन्हान और जाम नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। रंगारी माथनी में बाढ़ में फंसे हुए 10 लोगों को 2 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद में रेस्क्यू टीम के द्वारा सुरक्षित निकाला गया, विधायक विजय चौरे के द्वारा बाढ़ पीड़ित किसानों को तत्काल सरकार के द्वारा राहत मद्दत करने की मांग की है।
खतरे के निशान से ऊपर बह रही कन्हान और जाम
लगातार दो दिनों से जारी बारिश के चलते सौंसर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली प्रमुख कन्हान और जाम नदी खतरे के निशान से ऊपर बहती नजर आई, रामाकोना के पास में कन्हान जाम नदी के पुराने सड़क और रेलवे के पुल से पानी गुजरा, मोहगांव हवेली और पधराखेड़ी पुलिया पर भी 4 घंटे तक पानी बहता रहा, बानाबागोड़ा, रंगारी, काजलवानी, पलासपानी, निमनी परतापुर, सायरा, की ओर से बहने वाली नदी दिन भर बाढ़ के रूप में बहती रही। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बानाबाकोडा में बाढ़ से पांडुरंग बेन्डे, विक्रम बागड़े, बंडू महादेव डफरे, ब्राह्मण पीपला की लक्ष्मीबाई पाटिल, गायत्री देवमन पाटिल, ग्राम ढोकडोह निवासी भागुबाई दशरथ ईवनाती,नानेशवर मंगल टेकाम,ग्राम रामपेट में नत्थूजी टांडेकर, जोबनी खापा निलेश सोमकुंवर, अनिल बीघाने, सुशीला गोलाई गनोजी वहाने, बेबी डोंगरे, ग्राम पंचायत अंबाडी देवमन चटप, सुखदेव चटप, बाबूराव चटप,संपत परतेति, कवडू परतेती राजू परतेति,के मकान गिर गए हैं। वहीं ग्राम बेरडी किसान देवरावजी रुघे के कोठे पर बंधे 7 गाय एक बछड़ा, निलकंठ कपाले की 1 बैल जोड़ी, 2 गाय, पुरूषोत्तम भागवत के 8 बकरी, 1बैल जोड़ी,1 गाय, मोरेश्वर गुर्वे की 1बैल जोड़ी, रामेश्वर गौतम की 3 बैल जोड़ी 1 गाय, देवनाथ ढेरकर की 1 बैल जोड़ी 1 गाय, चिंतामन कुरेकार की 1 बैल जोड़ी, राधेश्याम चुनरीया की 1 गाय पानी में डूबने के कारण मर गई। ग्राम माथनी रंगारी में खेतों में काम करने वाले 10 किसान अपने कोठे में पानी अचानक बढ़ने के चलते बाढ़ में फंसे थे, 10 लोगों में 3 महिलाओं का भी शामिल ,10 सदस्य खेत में बने कोठे में रहकर खेती किया करते थे, कोठे के अंदर रहने के चलते बाढ़ का पानी कैसे बढ़ा यह समझ में नहीं आया। बाढ़ में फंसे हुए लोगों में किसान राजेश भलावी, सतीश बग, विनोद बग, मयूरी लिखारे, नरेंद्र कामले, अंगद सील्लू,सुनीता बंग नेहा सिल्लू आदि शामिल हैं। मौके पर एसडीएम कुमार सत्यम, तहसीलदार डॉ अजय भूषण शुक्ला, नायब तहसीलदार छवि पंत, आदि अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला, छिंदवाड़ा से आई रेस्क्यू टीम के साथ मोहगाव हेवेली निवासी आसिफ खान के दवरा लगभग ढाई घंटे की मेहनत के बाद में सभी परिजनों को नाव से बाढ़ क्षेत्र से सुरक्षित निकाला।
पदम पठार पर तेज बारिश से पेड़ हुआ धराशाई, आवागमन हुआ बाधित
जुन्नाारदेव। शहर के जुन्नाारदेव विशाला स्थित पदम पठार की पहाड़ी पर 3 दिन से लगातार मूसलाधार बारिश के कारण सड़क किनारे लगे वृक्ष के धराशाई होने से घंटों यातायात बाधित रहा। शनिवार के दिन सुबह से ही हुई मूसलाधार बारिश के चलते पदम पठार पर स्थित हमारे हनुमान मंदिर के समीप यह पेड़ एकाएक गिर गया। जिससे यातायात में वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि काफी देर बाद प्रशासन व स्थानीय लोगों के द्वारा पेड़ को एक और करके यातायात बहाल किया गया।
समूह चलाएगा घर परिवार अभियान
जुन्नाारदेव। पिछले कुछ समय से लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के कई मकान छतिग्रस्त होने की कगार पर आ गए हैं। जिसमें कच्चे मकान शामिल हैं। ऐसे परिवार की सूचना शासन, प्रशासन को देने और मदद की मांग हेतु कोयलांचल के सामाजिक समूह दुर्घटना में इलाज की मांग के द्वारा घर परिवार अभियान चलाएगी। समूह के संस्थापक नितिन सिंह राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि समूह द्वारा घर परिवार अभियान चला कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत संस्था की समस्त सदस्य ऐसे मकानों की सूचना तत्काल प्रशासन,शासन को देंगे जो बारिश से गिर सकते हैं। उन्होंने इस अभियान में समूह के सदस्यों के अलावा नगर के समस्त नागरिकों से जुड़ने की अपील की है।
खरीफ फसल पर बीमा अब 31 तक
जुन्नाारदेव। देश के किसानों को आर्थिक सहायता हेतु प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ किसान 31 अगस्त तक आवेदन कर ले सकते हैं। विकासखंड कृषि विस्तार अधिकारी दिनेश कुमार मेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बीमा योजना का लाभ ग्राम के सरपंच, सचिव व हल्का पटवारी से तत्काल संपर्क कर लिया जा सकता है।
हवाओं के साथ तेज बारिश से उखड़े विद्युत पोल
जुन्नाारदेव। तीन दिन से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से विद्युत लाइनों को लगातार तेज हवाओं के क्षति पहुंच रही है। कई स्थानों पर वृक्षों के गिर जाने के चलते विद्युत लाइनें टूटती जा रही हैं, इसके अलावा विद्युत लोड के अनियंत्रित हो जाने के कारण इंसुलेटर भी शॉट होते जा रहे हैं। भारी बारिश के कारण विद्युत पोलों को पहुंच रही क्षति के चलते कुछ इलाकों में विद्युत आपूर्ति दो दिनों से नगर में प्रभावित हो रही है।
भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक बैठा
जुन्नाारदेव। तीन दिन से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जुन्नाारदेव परासिया रेलवे ट्रैक पर एकलव्य आवासीय विद्यालय के सामने स्थित रेल खंड पर पॉइंट नंबर 20 पर रेलवे ट्रैक ने बैठक ले लिया। लगातार तीन दिन से हो रही भारी बारिश के कारण ट्रैक का एक हिस्सा बैठ गया। रेलवे के रेल पथ विभाग व पीडब्ल्यू आई के अधिकारियों को सूचना मिलते ही उन्होंने ट्रेक सुधार कार्य शुरू किया। आई ओ डब्ल्यू अधिकारी वीके शुक्ला ने बताया कि भारी बारिश के चलते ट्रैक के समीप लगे बिजली के पोल भी झुकने लगे हैं। रेलवे ट्रैक के समीप बने प्रधानमंत्री सड़क योजना में मौजूद पुलिया के गलत डिजाइन वा गलत निर्माण के कारण पानी का दबाव रेलवे ट्रैक के नीचे मिट्टी पर पड़ने से मिट्टी के कटाव के चलते रेलवे ट्रैक एक ओर से बैठक ले लिया है। शनिवार के दिन रेलवे ट्रैक का दिन भर सुधार कार्य किया गया। वहीं इस दौरान ब्लॉक लगाकर माल रेलगाड़ी का परिचालन भी किया गया ।समाचार लिखे जाने तक एकलव्य आवासीय विद्यालय के सामने स्थित उक्त रेलवे ट्रैक के मेंटेनेंस का काम चालू रहा।
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे