संक्रमण को देखते हुए व्यापारिक संगठनों ने मतदान कर लिया बंद का निर्णय
Publish Date: | Sat, 12 Sep 2020 04:08 AM (IST)
छिंदवाड़ा। कोरोना संक्रमण दिनोंदिन बढ़ते जा रहा हैं। प्रतिदिन नए मामले सामने आ रहे हैं। मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है, जिसको देखते हुए गांधीगंज व शनिचरा बाजार के समस्त व्यापारियों ने मतदान कर 13 से 20 सितंबर तक अपने प्रतिष्ठान बंद करने का निर्णय लिया है। इस बंद के निर्णय का फैसले का प्रस्ताव बनाकर व्यापारियों के सामने रखा गया था जिस पर सबकी सहमति रही। व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक गांधीगंज स्थित दीनदयाल रसोई में रखी थी। जिसमें निर्णय लिए गए कि 13 से 20 सितंबर तक सभी प्रतिष्ठान स्वेच्छिक रूप से बंद रखे जाएंगे, सभी तरह का व्यापार होल सेल अथवा रीटेल इस काल खंड में बंद रहेंगे। 13 तारीख रात 9 बजे से 14 तारीख सुबह 9 बजे तक वाहनों की लोडिंग व अनलोडिंग की जा सकेगी। 14 सितंबर सुबह 9 बजे के बाद 20 तारीख रात 9 बजे तक लोडिंग अनलोडिंग प्रतिबंधित रहेगी, सभी व्यापारियों को बंद करने एवं कराने में सहयोग करना है। कृषि उपज मंडी में व्यापारी नीलामी कार्य में भाग नहीं लेंगे। इसके साथ ही यह निर्णय भी लिया गया कि जो इस बंद को नहीं मानेगा संबधित व्यापारी का भविष्य में संघ द्वारा साथ नहीं दिया जाएगा एवं संघ स्तर पर कड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है। अनाज व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रतीक शुक्ला ने बताया कि व्यापारियों की बैठक में छिंदवाड़ा अनाज व्यापारी संघ, गांधीगंज व्यापारी मंडल, सराफा व्यवसायी संघ, रिटेल किराना संघ, कपड़ा व्यवसायी संघ, ऑइल मिल एसोसिएशन, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, शनिचरा बाजार दुर्गा उत्सव समिति, मोबाइल एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित थे।
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे