Top Story

मनरेगा में ज्यादा से ज्यादा मजदूरों को करें नियोजितः कलेक्टर

Publish Date: | Sat, 12 Sep 2020 04:08 AM (IST)

फोटो 9

ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्ना

छिंदवाड़ा। कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर श्री सुमन ने निर्देश दिए कि मनरेगा योजना में अधिक से अधिक मजदूरों को कार्यों में नियोजित करें और निर्माणाधीन सभी कार्यों को पूर्ण करें। उन्होंने निर्देश दिए कि गरीब कल्याण योजना, उद्यानिकी, नंदन फलोद्यान, नैनो आर्चर्ड आदि के पौधारोपण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें तथा 5 दिनों के भीतर पौधारोपण के सभी कार्यों का भौतिक सत्यापन कर जो कार्य पूर्ण नहीं हुए हैं उन्हें तत्काल बंद कर इन कार्यों पर व्यय हुई राशि की संबंधित अधिकारी से वसूली करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मनरेगा के विभिन्ना निर्माण कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास भवन, महिला एवं बाल विकास विभाग के आंगनवाड़ी व अन्य भवन निर्माण, खेत तालाब, मेढ़ बंधान, तालाब निर्माण, कपिलधारा कूप, सीसी रोड, आदि सभी अपूर्ण कार्यों को एक माह के भीतर पूर्ण करें, अन्यथा संबंधित संविदा उप यंत्रियों और संविदा पर नियुक्त अन्य संबंधित अधिकारियों की सेवायें समाप्त करने तथा अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर श्री सुमन ने बैठक में निर्देश दिए कि बाढ़ से प्रभावित हितग्राहियों के स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य 10 दिनों के भीतर प्रारंभ करें। यदि कहीं भूमि की समस्या हो तो संबंधित तहसीलदार से संपर्क कर भूमि चिन्हांकित करायें और निर्माण कार्य प्रारंभ करें। इन कार्यों में मजदूरों के नियोजन के लिए मस्टर रोल जारी करें। बाढ़ से प्रभावित व्यक्तियों के प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के अंतर्गत भी पात्रता के अनुसार आवास स्वीकृत करें और राशि स्वीकृत कर आवास निर्माण कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने निर्देश दिए कि रोजगार सेतु पोर्टल पर सभी प्रवासी श्रमिकों का पंजीयन करायें और ऐसे सभी जॉब कार्डधारी प्रवासी श्रमिकों को मनरेगा के कार्यों में नियोजित करें। संबल योजना के अंतर्गत जो श्रमिक भौतिक सत्यापन के लिए शेष रह गये हैं, उनका भौतिक सत्यापन पूर्ण करें।

सर्वे का काम जल्द पूरा कर करें राहत राशि का वितरण

राजस्व और अन्य विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्ना

छिंदवाड़ा। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व और अन्य विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्ना हुई। बैठक में कलेक्टर श्री सुमन ने निर्देश दिए कि जिले के जिन क्षेत्रों में बाढ़ आपदा से फसल, जन, पशु, मकान आदि की हानि हुई है, उसके सर्वे का कार्य पूर्ण कर प्रभावित व्यक्तियों को राहत राशि वितरित करें। फसल की क्षति में पारदर्शिता के साथ सर्वे करें तथा फसल क्षति के आकलन में जहां किसान असंतुष्ट हो, वहां किसान के साथ कृषि विशेषज्ञ को भी खेत में ले जाकर फसल क्षति का आकलन करें जिससे किसानों के नुकसान की भरपाई हो सके। फसल क्षति में सोयाबीन, मक्का, गन्नाा, उद्यानिकी फसलें आदि जिस भी फसल का नुकसान हुआ हो, सभी का सर्वे कर आकलन करें। जो मकान पूर्णतः नष्ट हो गये है उसके लिए संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, राजस्व विभाग के अधिकारियों की टीम के साथ जाकर ऊंचे और सुरक्षित स्थान को चिन्हित कर मकान निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ करें और यह प्रयास करें कि 3 माह के भीतर ही प्रभावित व्यक्तियों के मकान बन जाये और वे उसमें निवास करने लगे। उन्होंने पूर्णतः व आंशिक मकान और पशु धन क्षति की तहसीलवार जानकारी लेते हुए प्रारंभ कराए गए आवासों की जानकारी भी ली तथा शीघ्र ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को पुनर्वासित कराने और इस कार्य में समन्वय व सहयोग के लिए जिला व जनपद पंचायत स्तर पर कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सही जानकारी प्रस्तुत नहीं करने पर तहसीलदार तामिया को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय निकायवार व जनपद पंचायतवार पात्र हितग्राहियों को नाम जोड़ने की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और शीघ्र ही कार्य पूर्ण करने के लिए कहा। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली और गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत राशन के उठाव और वितरण की जानकारी भी प्राप्त की।

पर्यटन के क्षेत्र में कार्य करने की इच्छुक संस्थाओं से आवेदन पत्र आमंत्रित

छिंदवाड़ा। जिला पुरातत्व एवं पर्यटन परिषद के सचिव गजेंद्र सिंह नागेश ने बताया कि जिले मे पर्यटन गतिविधियों के प्रचार-प्रसार और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिले के ग्राम तामिया में रेस्ट हाउस के पास स्थित 3200 वर्गफीट क्षेत्रफल में निर्मित जी प्लस का एक भवन यथास्थिति मे मासिक किराये पर दिया जाएगा। पर्यटन के क्षेत्र में कार्य करने की इच्छुक संस्थायें 20 सितंबर तक 2 हजार रुपये की आवेदन शुल्क राशि जमा कर आवेदन प्राप्त कर सकती हैं।

जिले में अभी तक 1179.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज

छिंदवाड़ा। जिले में अभी तक 1179.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 1075.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जिले में शुक्रवार सुबह 8 बजे तक 14.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि 11 सितंबर को तहसील छिंदवाड़ा में 0.2, मोहखेड़ में 34.2, तामिया में 27, अमरवाड़ा में 45.2, चौरई में 20.3, हर्रई में 13.2, सौंसर में 12, पांढुर्णा में 24.2, बिछुआ में 6.7, जुन्नाारदेव में 4.2 और उमरेठ में 4.2 मिमीऔसत वर्षा दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि जिले में एक जून से अभी तक छिंदवाड़ा में 1058.7, मोहखेड़ में 1208.6, तामिया में 1119, अमरवाड़ा में 1342.6, चौरई में 1550.7, हर्रई में 1090.8, सौंसर में 1033.4, पांढुर्णा में 984.4, बिछुआ में 1121.9, परासिया में 1245.6, जुन्नाारदेव में 1393.4, चांद में 938 और उमरेठ में 1244.4 मिमीऔसत वर्षा दर्ज की गई है।

प्राथमिक शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी

छिंदवाड़ा। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एनएस बरकडे द्वारा जिले के हर्रई विकासखंड के ग्राम चंपाखेड़ा की शासकीय प्राथमिक शाला के प्राथमिक शिक्षक संतोष कुमार साहू के संबंध में जांचकर्ता अधिकारी द्वारा सी.एम.हेल्प लाईन में प्राप्त शिकायत के जांच प्रतिवेदन में शिकायत सत्य प्रतिवेदित किए जाने और प्राथमिक शिक्षक श्री साहू का यह कृत्य कदाचरण की श्रेणी में आने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर 3 दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

Posted By: Nai Dunia News Network

नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

डाउनलोड करें नईदुनिया ऐप | पाएं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ नईदुनिया ई-पेपर,राशिफल और कई फायदेमंद सर्विसेस

डाउनलोड करें नईदुनिया ऐप | पाएं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ नईदुनिया ई-पेपर,राशिफल और कई फायदेमंद सर्विसेस

Source