प्रदेश में 34 दिन बाद एक दिन में 1500 से कम कोरोना मरीज मिले
Publish Date: | Tue, 06 Oct 2020 04:07 AM (IST)
प्रदेश में 34 दिन बाद एक दिन में 1500 से कम कोरोना मरीज मिले-
सितंबर में 9.74 प्रतिशत थी संक्रमण दर, अक्टूबर में 6 से 7 फीसद के बीच पहुंची
भोपाल। नवदुनिया प्रतिनिधि
प्रदेश के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। 34 दिन बाद एक दिन में मिलने वाले कोरोना मरीजों की संख्या 1500 से नीचे आई है। सोमवार को 23145 सैंपलों की जांच में 1460 लोग संक्रमित निकले हैं। इसके पहले बीते माह दो सितंबर को 1424 मरीज मिले थे। अच्छी बात ये है कि मृत्युदर व संक्रमण दर भी लगातार कम हो रही है। सोमवार को आई रिपोर्ट में 6.30 फीसद सैंपल पाजिटिव मिले हैं। चार दिन से संक्रमण दर (जांचे गए सैंपल में पाजिटिव) छह से आठ फीसद के बीच है, जबकि सितंबर में ये दर 9.74 प्रतिशत थी।
कोविड-19 के लिए राज्य सलाहकार व छाती व श्वास रोग विशेषज्ञ डा.लोकेंद्र दवे ने कहा कि लोगों में बीमारी से लड़ने के लिए एंटीबाडी बन रही है। यह आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। सीरो सर्वे में भोपाल में 18 फीसद लोगों में एंटीबाडी मिली है। दूसरी बात यह कि सितंबर में बीमारी बढ़ने के बाद लोगों में डर के साथ-साथ जागरुकता भी बढ़ी है। मास्क लगाने वाले लोग अब ज्यादा दिख रहे हैं। मरीज कम होने की यह भी वजह हो सकती है।
10 सितंबर के बाद दो हजार से ऊपर पहुंच गए थे मरीज
प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या 10 सितंबर के बाद तेजी से बढ़ी थी। 10 सितंबर को 2187 मरीज मिले थे। इसके बाद आंकड़ा लगातार बढ़ता गया। 19 सितंबर को अब तक एक दिन में सर्वाधिक 2607 मरीज मिलने का रिकार्ड बना। एक दिन में अब तक सर्वाधिक 16.1 फीसद संक्रमण दर 16 सितंबर को रही। वहीं 21 सितंबर को प्रदेश में एक दिन में सर्वाधिक 45 मरीजों की मौत हुई थी।
पांच दिन में इस तरह कम हुए मरीज
तारीख कुल सैंपल पाजिटिव संक्रमण दर
5 अक्टूबर 23145 1460 6.30
4 अक्टूबर 25226 1720 6.8
3 अक्टूबर 24530 1811 7.3
2 अक्टूबर 29504 2019 6.8
1 अक्टूबर 28631 2041 7.1
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे