Top Story

स्वयंसेवकों ने रक्तदान के लिए किया जागरूक

Publish Date: | Fri, 02 Oct 2020 04:12 AM (IST)

छिंदवाड़ा। शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने प्राचार्य डॉ. अमिताभ पांडे और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जगमोहन सिंह पूषाम के मार्गदर्शन में स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर गतिविधि पखवाड़ा के तहत गुरुवार को रक्तदान जागरुकता अभियान चलाया। रासेयो स्वयंसेवकों ने कोविड 19 की गाइड लाइन का पालन करते हुए घर घर जाकर युवाओं को रक्तदान करने हेतु जागरूक किया एवं स्वैच्छिक रक्तदान करने हेतु प्रेरित किया। स्वयंसेवकों ने युवाओं को समझाया कि रक्तदान करने से हमारे शरीर में किसी भी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है। एक स्वस्थ व्यक्ति प्रत्येक तीन माह में रक्तदान कर सकता है। रक्तदान एक महादान है इससे हम किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में सहयोगी बन सकते हैं अतः सभी युवाओं को बढ़-चढ़कर रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान जागरुकता अभियान में पूर्व टीम लीडर दिनेश साहू, चंचलेश डेहरिया, ललित साहू, प्रदीप डेहरिया, बलराम उइके, विक्की उइके आदि का विशेष योगदान रहा।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मांगा इंसाफ

फोटो 14

हाथरस कांड से आक्रोशित वाल्मीकि समाज ने ज्ञापन सौंपा

दमुआ। उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए सामूहिक दुष्कर्म और जानलेवा हमले जैसे जघन्य कांड से आक्रोशित वाल्मीकि समाज ने गुरुवार को राष्ट्रपति प्रधानमंत्री और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मृतका के लिए न्याय मांगते हुए घटना के लिए जिम्मेदार दोषियों के लिए फांसी की सजा की मांग की।

ज्ञापन सौंपे जाने के बाद समाज ने दिवंगत पीड़िता को शोकसभा कर श्रृद्धाजंलि दी। शहर के वाल्मीकि समाज, सफाई कर्मचारी वर्ग आल इंडिया, एससी, एसटी, ओबीसी एम्पलाइज कोआर्डिनेशन काउंसिल शाखा से जुड़ी महिलाएं वाल्मीकि संजय वाल्मीकि के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपने थाने पहुंची। ज्ञापन थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी राहुल कटरे को सौंपा गया। शहर के भारतीय बौद्ध महासभा अध्यक्ष मनोज दवंडे, दमुआ ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद निरापुरे कार्यकर्ता अमित कटारिया, जोंटी दवंडे, पार्षद हिटलर लोबो, शेख मुंतजिर ने भी शहर के वाल्मीकि समाज के ज्ञापन कार्यक्रम को अपना समर्थन दिया। इस दौरान नीतू बारसिया, रंजीता घावरे, शशि धौलपुरे रानी, किरण, रीना लाहौरिया, भारती ओरिया, ममता घावरी, शारदा दीना संगीता डेहरिया ने ज्ञापन सौंपकर मांग की कि त्वरित न्याय के लिए फ़ास्ट ट्रेक कोर्ट में केस दर्ज किया जाए। सभी दोषियों को फांसी की सजा हो। पीड़िता के परिवार को अर्थिक संबल प्रदान किया जाए और परिवार के व्यक्ति को शासकीय नौकरी दी जाए।

रोजगार सचिव के खिलाफ ग्रामीण करेंगे सत्याग्रह

गांधी जयंती के मौके पर करेंगे सत्याग्रह

तामिया। दोरिया खेड़ा ग्राम पंचायत के रोजगार सचिव की मनमानी के खिलाफ गांधी जयंती के अवसर पर ग्रामीण मजदूर ग्राम पंचायत भवन के सामने सत्याग्रह करेंगे। ग्राम पंचायत में गोशाला निर्माण में लगाए गए 24 मजदूर, जिसमें से 20 महिला मजदूर और चार पुरुष मजदूर हैं। इन्हें सहायक सचिव दिनेश साहू ने एक अक्टूबर से अचानक काम पर रखने से मना कर दिया। उसका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र के बाहर के मजदूरों से काम कराया जाएगा। स्थानीय मजदूरों को किसी कीमत पर काम नहीं दूंगा। सहायक रोजगार सचिव की इस रवैये के खिलाफ अब महिला मजदूर लामबंद हो गई हैं और गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत का घेराव कर सत्याग्रह करेंगी। रोजगार सचिव ने ग्राम पंचायत के निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार कर रखा है। मजदूरों के मुताबिक ग्राम पंचायत के तहत कुआं बादला से भूरा भगत मार्ग के ग्राम रीछ डोबरा के मंदिर से भभूत सिंह पचेलियां के मकान तक पंचायत दर्पण में सड़क निर्माण हो चुका बताया जा रहा है, परंतु मौके का निरीक्षण करने पर किसी को भी यह सड़क नहीं दिखेगी। क्योंकि सरपंच सचिव एवं रोजगार सहायक सचिव ने मिलकर सिर्फ कागजों में इस सड़क निर्माण को दर्शाया है और सड़क निर्माण की लागत राशि और सामग्री की राशि सीधे हड़प कर ली गई है। हिंद मजदूर किसान पंचायत के तामिया ब्लॉक के अध्यक्ष रामचरण भारती एवं महासचिव शिव प्रसाद धुर्वे ने बताया कि इस पंचायत में भ्रष्टाचार चरम स्थिति में पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सहायक रोजगार सचिव दिनेश साहू पंचायत के सभी ठेके स्वयं लेता है और ठेकेदार के रूप में गुणवत्ताहीन काम कर पंचायत निधि की राशि में से भ्रष्टाचार करता है।

कपड़ा बैंक ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मान

छिंदवाड़ा। कोरोना काल मे अपनी जान जोखिम में डालकर अपनों की सुरक्षा करते हुए आज जिले में बहुत से लोग इस कार्य में लगे हुए हैं। इसी कड़ी में सबसे अहम योगदान नर्सों का है। गुरुवार को इस नर्स स्टॉफ को कोरोना योद्धा का प्रमाण पत्र देकर इनकी हौसला अफजाई कपड़ा बैंक के माध्यम से की गई। कपड़ा बैंक ने रेडियोग्राफर कमलेश धाकड़, मोरेश ठाकरे, नर्स संगीत गिडीयान, विशाखा लांजीवार, रश्मि सोलंकी, रश्मि वर्मा, अंजना कर्मकर और कोरोना काल विशेष सहयोग देने वाले राम इंगले को कपड़ा बैंक के संरक्षक फिरोज तोबानी, अध्यक्ष हेमलता महेश भावरकर, कोषाध्यक्ष मनीष कुशवाह, मीडिया प्रभारी सुमित भावरकर, सहायक मीडिया प्रभारी मोहम्मद इस्लाम की उपस्थिति में उत्साहवर्धन हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदाय किया गया।

Posted By: Nai Dunia News Network

नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

डाउनलोड करें नईदुनिया ऐप | पाएं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ नईदुनिया ई-पेपर,राशिफल और कई फायदेमंद सर्विसेस

डाउनलोड करें नईदुनिया ऐप | पाएं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ नईदुनिया ई-पेपर,राशिफल और कई फायदेमंद सर्विसेस

ipl 2020
ipl 2020

Source