Bhopal Aviation News: अब भोपाल में ही सुधारी जा सकेगी विमान की खराबी, हैंगर के टैंडर जारी
भोपाल, विमान में अचानक आई खराबी को जल्द ही भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर ही ठीक किया जा सकेगा। अभी तक तकनीकी खराबी आने पर उड़ान को निरस्त करना पड़ता था। अब ऐसा नहीं होगा। एयरपोर्ट अथारिटी ने राजा भोज एयरपोर्ट के पास एमआरओ (मेंटनेंस, रिपेयर एंड ओवरऑल) हैंगर बनाने की स्वीकृति दे दी है। एयरपोर्ट अथारिटी यह काम देश की किसी अनुभवी कंपनी से कराने के पक्ष में है। अथारिटी इसके लिए 30 साल की लीज पर जमीन किराये पर देगी।
गौरतलब है कि 'नवदुनिया' ने पिछले दिनों ही यह खबर प्रकाशित की थी कि भोपाल में एमआरओ हैंगर की बाधा दूर हो गर्ई है। एयरपोर्ट अथारिटी ने सोमवार को इस खबर पर मोहर लगा दी। अथारिटी के लैंड मैनेजमेंट विभाग ने देश के पांच बड़े एवं मध्यम एयरपोर्ट पर हैंगर बनाने की स्वीकृति दी है। भोपाल के अलावा हैदराबाद के बेगमपेट, चंडीगढ़, चेन्नई एवं जम्मू एयरपोर्ट पर एमआरओ हैंगर के लिए टैंडर जारी किए गए हैं। हैंगर बनाने के लिए संबधित कंपनी को स्वयं ही पूरा खर्च उठाना होगा। अथारिटी इसके लिए केवल जमीन उपलब्ध कराएगी। भोपाल में पांच एकड़ जमीन आरक्षित की जा चुकी है।
हैंगर बनने से एयरपोर्ट अथारिटी को बिना किसी लागत के दोहरा लाभ होगा। संबधित कंपनी को 30 साल तक जमीन का किराया देना होगा। इसके निर्माण एवं उपकरणों की लागत भी कंपनी को ही उठानी होगी। हैंगर बनने के बाद एयरलाइंस कंपनियां भोपाल में ही नाइट पार्किंग के लिए प्रोत्साहित होंगी। इससे अथारिटी को अतिरिक्त पार्किंग शुल्क भी मिल सकेगा। उड़ानों की संख्या बढ़ने की भी संभावना है। यात्रियों को भी अचानक उड़ान निरस्त होने से मुक्ति मिल जाएगी।
जमीन पहले ही आरक्षित कर ली थी
भोपाल में एमआरओ हैंगर के लिए पांच एकड़ जमीन पहले ही आरक्षित कर ली गई थी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू हो जाएगा। भोपाल को एयरक्राफ्ट हब बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण निर्णय है।
from Nai Dunia Hindi News - madhya-pradesh : bhopal https://ift.tt/3lsxEiR