Top Story

Gwalior Electricity News: पिछले साल थे 109 ट्रिपिंग व फाल्ट, इस साल बढ़कर पहुंचे 282, कैसे मिलेगी निर्बाध बिजली

 

Gwalior Electricity News: बिजली कंपनी ने शहर की वितरण व्यवस्था सुधारने के लिए मेंटेनेंस की शुरुआत की है। इस कारण शहर मेंटेनेंस की कटौती झेल रहा है, लेकिन इस मेंटेनेंस का फायदा लोगों को नहीं मिल रहा है। मेंटेनेंस के बाद भी ट्रिपिंग व फाल्ट में गिरावट नहीं आ रही है। बल्कि इनकी संख्या में बढ़ोतरी होती जा रही है। फाल्ट व ट्रिपिंग के कारण लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। सितंबर 2020 में ट्रिपिंग व फाल्ट की संख्या 109 थी। इस साल बढ़कर 289 तक पहुंच गई है। ट्रिपिंग व फाल्ट की संख्या दोगुना से ज्यादा बढ़ी हैं। अगस्त 2021 में संख्या 241 थी। यह ट्रिपिंग व फाल्ट 33 केवी लाइनों पर है।


मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंधन ने 33 केवी व 11 केवी में ट्रिपिंग की संख्या निर्धारित की है। 33 केवी में एक महीने में 5 से ज्यादा ट्रिपिंग नहीं आनी चाहिए वहीं 11 केवी में 10 से ज्यादा ट्रिपिंग नहीं होना चाहिए। इसी को ध्यान में रखते हुए मेंटेनेंस किया जाता है, लेकिन शहर के 33 केवी के फीडर फाल्ट व ट्रिपिंग के हाट-स्पाट बन गए हैं। एक महीने में 30 ट्रिपिंग व फाल्ट आए हैं। वे भी ऐसे वक्त आए हैं, जब ये फीडर अंडरलोड थे। सितंबर में 33 केवी फीडर पर 200 एम्पीयर तक ही लोड जा सका है, जबकि इनकी क्षमता 300 एम्पीयर तक होती है। अंडरलोड होने के बाद भी ट्रिपिंग व फाल्ट आए हैं। वहीं अक्टूबर के आठ दिन में ही 24 ट्रिपिंग व फाल्ट हो चुके हैं।


ऊर्जा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में 33 ट्रिपिंग

ऊर्जा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में बिजली सप्लाई के लिए 33 केवी के 11 फीडर हैं। इन 33 केवी फीडरों पर सितंबर 2021 में 33 ट्रिपिंग व फाल्ट आए हैं। जिससे तीन घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित रही है, जबकि अगस्त में 38 फाल्ट आए थे। जिससे 5:35 घंटे की आपूर्ति प्रभावित रही थी।


दर्पण कालोनी में आपूर्ति ठप

शनिवार को दर्पण कालोनी में ढाई घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इससे दिन में लोग गर्मी से बेहाल हो गए। बिजली आपूर्ति फाल्ट के कारण प्रभावित रही। वहीं दूसरी ओर वितरण ट्रांसफार्मरों में दिक्कत आ रही है, जिससे 11 केवी पर आपूर्ति बंद हो रही है। शहर के 110 फीडर ऐसे हैं, जिन पर रोजाना बिजली आपूर्ति बंद होती है।


ये हैं फाल्ट के हाट-स्पाट

फीडर फाल्ट

 महाराजपुरा 29

बाराघाटा सिटी 23

काल्पी ब्रिज 17

पालीटेक्निक 13

दर्पण कालोनी 27

स्टेडियम 13

मोनोपोल 17

गिरवाई 15

(यह सितंबर में आए फाल्ट की स्थिति है)

फैक्ट फाइल

शहर में 33 केवी फीडर 34


उपभोक्ता 2.71 लाख

सितंबर पीक आवर पर खपत 222.785 मेगावाट


वर्जन

एचटी मेंटेनेंस संभाग लाइनों में सुधार कर रहा है। इससे ट्रिपिंग व फाल्ट में कमी आएगी। इस महीने अंतर दिखने लगेगा। साथ ही जोन के इंजीनियरों को मेंटेनेंस कार्य में लगाया गया है।

विनोद कटारे, महाप्रबंधक सिटी सर्कल


https://ift.tt/3iONDGp https://ift.tt/2YiDtGX