Top Story

Sports Indore News: प्रदेशभर के पहलवान इंदौर में 23 व 24 अक्टूबर को लड़ेंगे कुश्ती



Sports Indore News। मध्यप्रदेश की सीनियर कुश्ती टीम इंदौर में चुनी जाएगी। जिसके लिए चयन स्पर्धा 23 व 24 अक्टूबर को छावनी स्थित विजय बहादुर व्यायामशाला में होगी।

मप्र संगठन के सचिव सुरेश यादव ने बताया कि स्पर्धा में विभिन्न भार वर्गों में फ्रीस्टाइल, ग्रीकोरोमन के मुकाबले होंगे। पुरुषों के अलावा महिला पहलवान भी शिरकत करेंगी। आधार कार्ड या पासपोर्ट साथ लाने वाले पहलवान ही भाग ले सकेंगे। चयनित मप्र टीम गोंडा (उप्र) में 11 से 13 नवंबर तक आयोजित राष्ट्रीय स्पर्धा में भाग लेंगी। स्पर्धा के सफल संचालन के लिए गठित समिति में ओलंपियन पप्पू यादव, विक्रम अवार्डी ओमप्रकाश खत्री, राजू ठाकुर, शाकिर नूर, गोविंद गुर्जर, फातिमा बानो, गौरव आर्य, विकास यादव, धर्मेंद्र यादव, हेमंत यादव को लिया गया है।

विपिन पंडित व संजय मेहता को युगल खिताब

विपिन पंडित व संजय मेहता ने इंदौर ओपन ऑल क्लब टेनिस युगल खिताब अपने नाम किया। इंदौर टेनिस क्लब में खेले गए फाइनल में विपिन व संजय की जोड़ी ने किशोर मोटवानी व कपिल जैन को 3-0 से हराया। फाइनल में विपिन व संजय के सामने किशोर व कपिल की जोड़ी कोई संघर्ष नहीं कर सकी।

 विजेता जोड़ी ने उपविजेता जोड़ी को एक अंक बनाने नहीं दिया। इससे पहले सेमीफाइनल में विपिन व संजय ने ललित भंडारी व संजय जैन को तथा किशोर व कपिल ने पीयूष मंडोरा-मनोज सोनगरा को पराजित किया। पुरस्कार वितरण इंदौर टेनिस क्लब के ट्रस्टी बीएस छाबड़ा ने किया। इस दौरान निर्णायक अशोक इंगले व नवीन सोनी भी मौजूद थे।
from Nai Dunia Hindi News - madhya-pradesh : indore https://ift.tt/3BBXhDq