Weather In Jabalpur : विदा हुआ मानसून, शरद पूर्णिमा के बाद घुलेगी ठंडक

जबलपुर, आखिरकार मानसून विदा हो गया। इसी के साथ अब बारिश की रही-सही उम्मीदों को भी पूर्ण विराम लग गया। शनिवार को मौसम विभाग ने भी अधिकारिक तौर पर मानसून की विदाई कर दी। मानसून की बेरुखी के चलते इस बार जिले में अपेक्षाकृत बारिश नहीं हुई। इस बार कोटे से आधी बारिश ही हुई। एक जून से 30 सितंबर तक माने जाने वाले मानसून सीजन में करीब 25 इंच ही बारिश हुई है।
जबकि जबलपुर में 52 इंच बारिश रिकार्ड की जाती है। हालांकि क्षेत्रीय स्तर बन रहे मौसमी समीकरणों के चलते कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। बहरहाल मानसून की विदा होने के बाद अब लोगों की उम्मीद ठंड पर आ टिकी है। वर्तमान में जिस तरह सूरज उग्र रूप दिखा रहा है उससे गर्मी का अहसास बना हुआ है। मौसम विभाग ने शरद पूर्णिमा के बाद तापमान घटने के साथ ही वातावरण में ठंडक घुलने की संभावना जताई है।
चार दिन विलंब से लौटा मानसून : मौसम विभाग के अनुसार जबलपुर से भी मानसून विदा हो चुका है। मानसून की विदाई वैसे तो पांच अक्टूबर को होनी थी, पर लौटने में चार दिन का विलंब हो गया। मानसून समाप्त होने के साथ ही जबलपुर सहित संभाग के नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी सहित सागर, रीवा, शहडोल संभागों के जिलों में अब बारिश नहीं होगी।
ऐसी रही मानसून की चाल :
- 24.6 इंच (625.8 मिमी) बारिश हुई इस मानसून सीजन में।
- 43 इंच (1082.4 मिमी) बारिश पिछले मानसून सीजन में हुई थी।