Top Story

World Post Day 2021 Indore: प्रधानमंत्री को बधाई देने के लिए बिके 12 हजार पोस्ट कार्ड


इंदौर,  World Post Day 2021। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री पद का सफर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तय किया है। सात अक्टूबर को उनका बीस साल का कार्यकाल हो चुका है। देश और समाज को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री मोदी ने कई उल्लेखनीय कार्य किए है। इस मौके पर भाजपा पार्टी ने 'मेरा पोस्टकार्ड पीएम को" अभियान चलाया है। लोग इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। कोई जन्मदिन की बधाई दे रहा है तो कोई उल्लेखनीय कार्यों को लेकर शुभकामना संदेश भेज रहा है। अभियान के दौरान डाकघर से 12 हजार पोस्ट कार्ड की बिक्री हो चुकी है। अधिकारियों के अनुसार रोजाना पांच से छह सौ पोस्टकार्ड खरीदने लोग पहुंच रहे हैं।

प्रधानमंत्री को संदेश भेजने के लिए पोस्टकार्ड का वितरण जीपीओ से किया जा रहा है। इसके लिए एक अलग से खिड़की रखी हुई है। डाक विभाग के अनुसार छह अक्टूबर से पोस्टकार्ड की बिक्री बढ़ गई है। राजनीतिक पार्टी के अलावा सामाजिक संगठन और एनजीओ भी पोस्टकार्ड खरीद रहे हैं। सीनियर पोस्ट मास्टर जीपीओ श्रीनिवास जोशी ने बताया कि इंदौर सर्कल के लिए 60 हजार पोस्टकार्ड रखे हैं। कई संगठनों ने हजारों की संख्या में पोस्टकार्ड खरीदे हैं। पूछने पर उन्होंने पीएम मोदी को बधाई और शुभकामनाएं संदेश देना बताया है।

 वे बताते हैं कि डाक विभाग ने विशेष व्यवस्था करते हुए जीपीओ में दो और प्रत्येक डाकघर में एक-एक बाक्स लगाया है, जिसमें केवल इन्हीं कार्ड को पोस्ट किया जाएगा। पोस्ट बाक्स से इकट्ठा कर इन कार्ड को अलग से भेजा जा रहा है। सारी डाक दिल्ली भिजवाई जा रही है। रोजाना बाक्स खाली किए जा रहे हैं।
from Nai Dunia Hindi News - madhya-pradesh : indore https://ift.tt/3mB0fBR