Top Story

नरेंद्र मोदी नहीं होते तो चीन सारी जमीन हड़प लेता.... राहुल के भाषण पर बरस पड़े मंत्री

नई दिल्ली: लोकसभा में बुधवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पेगासस, चीन, बेरोजगारी समेत कई मुद्दों पर मोदी सरकार को घेरा। बाद में केंद्रीय मंत्रियों ने एक-एक कर उन पर पलटवार किया। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी (Pralhad Joshi on Rahul) ने कहा कि राहुल गांधी को बोलने का मौका सिर्फ इसलिए मिल रहा है क्योंकि वे गांधी परिवार से हैं... मोदी जी जहां बैठे हैं, राहुल गांधी और गांधी परिवार वाले सोचते हैं ये मेरा स्थान है। इन्हें बहुत अहंकार है जो उनसे ऐसी बात करवा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी एक कन्फ्यूज व्यक्ति हैं और कन्फ्यूज व्यक्ति ऐसी ही बात करेगा। उन्होंने बार-बार कहा कि भारत एक देश ही नहीं है। जिन बड़े-बड़े उद्योगपतियों के बारे में वे बात कर रहे थे वे भाजपा कालखंड में थोड़ी हुए हैं। संसद में राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh on Rahul Gandhi) ने कहा कि अभी अगर नरेंद्र मोदी नहीं होते और कांग्रेस होती तो चीन सारी ज़मीन हड़प लेता। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर विपक्ष की तरफ से चर्चा की शुरूआत करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की सुरक्षा को पाकिस्तान और चीन के गठजोड़ की वजह से खतरा बताया। सरकार की तरफ से राहुल गांधी के हमले का जवाब देते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि चीन समस्या को जन्म देने वाले आज चीन से खतरे की बात कर रहे हैं। राहुल गांधी के भाषण को दिशाहीन बताते हुए प्रल्हाद जोशी ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने राजीव गांधी फाउंडेशन में पैसा लेकर चीन के साथ फ्री ट्रेड समझौता किया वो आज कह रहे हैं कि चीन के पास एक विजन है, योजना है और भारत खतरे में है। जोशी ने तिब्बत समस्या को जन्म देने के लिए कांग्रेस की सरकार को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि चीन और पाकिस्तान हमारे विरोधी हैं उन्हें तो एक होना ही था। कांग्रेस ने चीन की समस्या को सही से नहीं संभाला और केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद पहली बार भारत ने चीन को करारा जवाब दिया है। प्रल्हाद जोशी ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी को भारतीय संस्कृति की समझ नहीं है, वो कह रहे हैं कि भारत एक देश ही नहीं है और उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर भी अनर्गल आरोप लगाया है। मोदी सरकार को उद्योगपतियों की सरकार बताने के राहुल गांधी के भाषण को लेकर भी जोशी ने उन पर हमला बोला। जोशी ने कहा कि मनमोहन सरकार के कार्यकाल में कैबिनेट द्वारा पारित अध्यादेश को फाड़ कर फेंकने वाले राहुल गांधी भारत के लोगों का दिल जीतने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री मोदी पर इसलिए आरोप लगा रहे हैं क्योंकि वो इस पद पर मोदी को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। जोशी ने यह दावा किया कि भारत पाकिस्तान और चीन के खतरे से निपटने में पूरी तरह सक्षम है। (IANS से इनपुट के साथ)


from https://ift.tt/4Pel83pC0 https://ift.tt/9PXspGj86