अव्यवस्थाओं के वीडियो वायरल होने की जांच शुरू, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के बयान लिए
Publish Date: | Thu, 10 Sep 2020 04:13 AM (IST)
छिंदवाड़ा। जिला अस्पताल में लगातार वीडियो वायरल होने के बाद प्रशसनिक अमले में हड़कंप है। अब तक तीन वीडियो अस्पताल की अव्यवस्था को लेकर वायरल हो चुके हैं। वहीं हाल ही में इंदौर में पदस्थ महिला एसआई ने अपनी कोरोना मरीज की मौत के लिए अस्पताल प्रबंधन को दोषी ठहराया। इस मामले की जांच शुरू हो गई है। एसडीमए अतुल सिंह और एडीएम बुधवार को जिला अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के बयान लिए गए। यही नहीं अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी बात की गई। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। वहीं एक-एक मरीज से बात की गई। साथ ही सीसीटीवी कंट्रोल रूम से माइक के जरिए हर मरीज से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की भी जानकारी ली गई।
एसडीएम अतुल सिंह ने कहा कि फिलहाल जो वीडियो वायरल हुआ है जिसमें अस्पताल की अव्यवस्था के बारे में बताया गया, लेकिन वास्तव में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। गौरतलब है कि जिला अस्पताल में अव्यवस्था को लेकर तीन वीडियो अभी तक कथित रूप से वायरल हो चुके हैं।
वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
कोरोना वार्ड में भर्ती कोरोना पॉजिटिव और इंदौर में पदस्थ महिला एसआई ने जिला अस्पताल की बिगड़ी व्यवस्था पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था जिसमें बताया कि उसके माता-पिता कोरोना पॉजिटिव थे। जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती मां पानी के लिए रात भर चिल्लाती रही तथा अपनी बेटी को फोन कर समस्या बताई, लेकिन किसी ने पानी उपलब्ध नहीं कराया। उसने जिला अस्पताल की सिविल सर्जन को फोन लगाया। फिर भी पानी उपलब्ध नहीं कराया गया। सिविल सर्जन को फोन लगाकर वहां किसी को पहुंचाने की गुहार लगाई, लेकिन फिर भी वहां उसकी मां को पानी पिलाने वाला कोई नहीं पहुंचा। आखिरकार मां की मौत हो गई।
20 नए मरीज मिले
जिले में लगातार कोरोना के मरीज मिल रहे हैं। बुधवार को 20 नए मरीज मिले हैं। जिसमें से आठ मरीज पांढुर्णा, 6 मरीज बिछुआ छिंदवाड़ा चौरई से दो-दो मरीज मिले हैं। एक मरीज परासिया का है। गंज क्षेत्र में व्यापारी भी इस बीमारी की जद में आ गए हैं, जिसके कारण अब दुकानों में पॉलीथिन लगाकर आमजनों से दूरी बनाई जा रही है। गौरतलब है कि अब तक जिले में 617 कोरोना के मरीज मिल चुके हैं, जिसमें 153 मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हैं। अब तक 13 मरीजों की मौत हो चुकी है।
वर्जन
हमने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। शुुरुआती तौर पर जांच में सामने आया है कि अव्यवस्थाओं को लेकर जो बात की गई उसमें सच्चाई नहीं है। अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी बात की गई वो भी व्यवस्थाओं से संतुष्ट हैं।
अतुल सिंह, एसडीएम
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे