जिले में लगातार होगी बारिश, फिर बढ़ेगी मानसून गतिविधियां
Publish Date: | Thu, 10 Sep 2020 04:13 AM (IST)
छिंदवाड़ा। जिले में मंगलवार से फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को दोपहर के बाद जिले भर में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने भी जिले भर में बारिश की संभावना आगामी पांच दिनों तक जताई है, अब फिर से जिले में मानसून गतिविधियां बढ़ेगी। बुधवार को दोपहर के बाद मौसम बदला तथा गरज के साथ बारिश शुरू हो गई, जबकि सुबह के समय तेज धूप निकली हुई थी। मौसम विभाग ने मौसम को लेकर एडवाइजरी जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग भोपाल द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान से प्राप्त जानकारी के अनुसार अगले 120 घंटों के दौरान 9 सितंबर से 13 सितंबर तक अधिकांश क्षेत्रों में घने बादल रहने एवं हल्की वर्षा होने का अनुमान है। इसके साथ ही मौसम करवट लेते ही अधिकतम तापमान 30-33 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 23-24 डिग्री के मध्य रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में हवा पश्चिम एवं दक्षिण पश्चिम दिशा में बहने एवं हवा 6-8 किमी प्रति घंटे की गति से चलने की संभावना है। वहीं माचागोरा डैम लबालब हो गया है। बुधवार को भी एक गेट डैम का खुला रहा।
सोयाबीन में पीला मोजेक वायरस का संक्रमण
जिले के कुछ क्षेत्रों में सोयाबीन की फसल में पीले मोजेक वायरस के संक्रमण सूचना मिली है। वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए कृषि अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानी ने किसानों को सलाह दी है कि वह संक्रमण के प्रारंभिक चरण में प्रभावित पौधे के भाग को उखाड़ दें, फसल में कीटनाशक का छिड़काव करें। इसी तरह मक्के की फसल में फॉल आर्मी वर्म कीट का प्रकोप की संभावना है,वहां फसल की सतत निगरानी की जानी चाहिए।
उमस के बाद जिले के लोगों के राहत
मंगलवार के पहले एक सप्ताह से जिले में धूप खिलने के कारण तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही थी, जिसके कारण लोग उमस से परेशान थे। मंगलवार से मौसम ने करवट ली तथा बुधवार की दोपहर के बाद जिले भर में बारिश शुरू हो गई। पिछले दिनों हुई जोरदार बारिश ने कई रिकार्ड तोड़ दिए। ऐसे में बारिश रुकने के बाद जिले के कई पिकनिक स्पोर्ट पर लोगों को जमावड़ा लग गया। माचागोरा, गिलहरी घाट, तामिया, कुकड़ी खापा में पहुंचकर आनंद ले रहे थे।
1155 मिमी बारिश दर्ज
जिले में अभी तक 1155 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 978.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई थी। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि जिले में एक जून से अभी तक छिंदवाड़ा में 1040.1, मोहखेड़ में 1172.2, तामिया में 1085, अमरवाड़ा में 1288.2, चौरई में 1530.4, हर्रई में 1077.6, सौंसर में 1021.4, पांढुर्णा में 951.2, बिछुआ में 1044, परासिया में 1245.6, जुन्नाारदेव में 1387.4, चांद में 919.7 और उमरेठ में 1240.2
मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे