भ्रष्टाचार को लेकर नगर परिषद का किया घेराव
Publish Date: | Thu, 10 Sep 2020 04:15 AM (IST)
हर्रई। हर्रई नगर कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के द्वारा हर्रई नगर परिषद का घेराव किया गया। हर्रई नगर परिषद में बढ़ते भ्रष्टाचार, सीएमओ अध्यक्ष, सब इंजीनियर की मनमानी को लेकर घेराव किया गया। सैकड़ों की संख्या में नगर के लोग मौजूद हुए एवं एसडीएम, राजस्व को ज्ञापन भी दिया गया। पिछले कुछ दिनों से नगर परिषद हर्रई में तरह तरह के भ्रष्टाचार से संबंधित मामले सामने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना पट्टे वितरण योजना को लेकर भी नगर परिषद हर्रई में विगत दिनों में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। इन योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों को ना मिलकर आपात हितग्राहियों को पैसे ले कर दिया गया है। इन सब बातों को लेकर बुधवार को नगर कांग्रेस कमेटी हर्रई एवं युवा कांग्रेस एवं नगर के आमजनों ने मिलकर नगर परिषद का घेराव कर दिया एवं एसडीएम के सामने अपनी बात रखी। कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों एवं आमजन ने एसडीएम को बताया कि कैसे प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सीएमओ और उपयंत्री सतीश डेहरिया के द्वारा भ्रष्टाचार किया जाता है 10 हजार रुपये हितग्राही से लिए जाते हैं। जब उनकी किस्त डाली जाती है। कांग्रेस ने नगर परिषद अध्यक्ष पर आरोप लगाया कि हर्रई नगर में कच्चे मकान के पट्टा की कार्रवाई कांग्रेस शासन में जब पूर्ण हो गई थी तो उसे अभी तक वितरण क्यों नहीं किया गया। लोगों ने एसडीएम के सामने यह भी बात रखी कि तत्काल हर्रई नगर परिषद सीएमओ दिशा डेहरिया को हर्रई से हटाया जाए एवं उपयंत्री सतीश डेहरिया को भी हर्रई से हटाया जाए। पूर्व में भी भूपेंद्र शाह, रमेश साहू, रमेश सोनी, महेश नेमा, नगर परिषद हर्रई में अध्यक्ष रहे हैं लेकिन उन्होंने भी नगर परिषद में जनता की सहमति से सभी जनहित के कार्य किए हैं। भाजपा की ही अध्यक्ष मोनिका शंभू साहू नगर परिषद हर्रई में अध्यक्ष पद पर काबिज है परंतु जब से भाजपा की सरकार बनी है। नगर परिषद में चरम सीमा पर है जनता जनार्दन के साथ भेदभाव पूर्ण व्यवहार किया जाता है पैसों के लेनदेन के बाद ही कोई कार्य किए जाते हैं वर्तमान में अध्यक्ष मोनिका शंभू साहू एवं सीएमओ की मिलीभगत से भ्रष्टाचार को नगर परिषद हर्रई में बढ़ावा दिया जाता है। आने वाले नगर परिषद के चुनाव में इसका खामियाजा भाजपा को भुगतना पड़ेगा। कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा कि 3 दिनों के भीतर यदि हमारी मांग नहीं मानी जाती है तो आज तो नगर परिषद हर्रई का घेराव हुआ है, आने वाले समय में यह आंदोलन और भी बड़ा रूप ले सकता है। इसका जवाबदार स्वयं शासन प्रशासन रहेगा। लोगों ने प्रशासन से निवेदन किया है कि हर्रई नगर पालिका अधिकारी दिशा डेहरिया एवं उपयंत्री सतीश डेहरिया को तत्काल हटाया जाए एवं परिषद में हुए प्रधानमंत्री आवास, रोड नाली के नवीन निर्माण कार्यों को लेकर पुल-पुलिया के नवीन निर्माण कार्यों को लेकर हुए भ्रष्टाचार की तत्काल जांच कराई जाए।
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे