Top Story

पन्ना के गांवों में मौत बन कर गिरी आकाशीय बिजली, पांच लोगों की जान गई, आठ गंभीर रूप से घायल

पन्ना मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में आकाशीय बिजली गिरने से कम से कम 5 लोगों की जान चली गई। अलग-अलग गांवों में हुई घटनाओं में 8 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज अस्पतालों में चल रहा है। पन्ना के एसपी धर्मराज मीणा ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग गांवों में पांच लोगों की मौत हुई है। इनमें से एक का पोस्टमार्टम होना अभी बाकी है। घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। पन्ना में 2 दिनों से रुक-रुक कर हो रही बरसात के बाद किसानों के चेहरे खिल उठे। किसान अपनी धान की फसल रोपने का काम करने लगे लेकिन इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की कई घटनाएं हुई हैं। काम करते समय खेत में बिजली गिरने से कई मौतें हो गई हैं। एक घटना पन्ना जिले के थाना सलेहा के कुलगवा उरैहा गांव में हुई जहां 10 से 12 मजदूर खेत में धान रोपने का काम कर रहे थे। तभी अचानक आकाशीय बिजली खेत में जा गिरी। खेत में काम कर रहीं लक्ष्मी और काजल नाम की दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को गंभीर हालत में पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलेहा में लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया है।


from Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश न्यूज़, Madhya Pradesh Samachar, मध्य प्रदेश समाचार, Madhya Pradesh Ki Taza Khabar, मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, MP News | Navbharat Times https://ift.tt/3BzK1j7
via IFTTT