Top Story

Khargone News: नर्मदा की गोद में शाही ठाठ के साथ नौका विहार पर निकले भगवान काशी विश्वनाथ, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

खरगोन मध्य प्रदेश के खरगोन में ऐतिहासिक और पर्यटन नगर महेश्वर में भगवान काशीनाथ ने शाही ठाठ के साथ नौका विहार किया। सावन महीने के अंतिम सोमवार को इस मौके पर नर्मदा के प्रसिद्ध अहिल्या घाट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस विहंगम दृश्य को देखने दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पहुंचे। जिला मुख्यालय से 65 किलोमीटर दूर पवित्र नगरी महेश्वर में मां नर्मदा की गोद में शाही ठाठ से भगवान श्री काशी विश्वनाथ ने नौका विहार किया। सावन के महीने में हर साल भगवान श्री काशी विश्वनाथ नर्मदा की गोद में नौका विहार करते हैं। नौका विहार के दौरान बम-बम भोले और और भगवान काशीनाथ के जयकारों से महेश्वर गूंज उठा। यहां पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के नौका विहार का नर्मदा तट से आंनद लिया। काशी विश्वनाथ घाट से प्रारंभ हुई नौका विहार सामने घाट पर पहुंची। इस अवसर पर भगवान की भव्य आरती भी की गई। दयालु मित्र मंडल के प्रमुख गुरु दयालु के सान्निध्य में पंडित अरविंद पौराणिक के आचार्यत्व में पांच पंडितों ने नौका विहार के पहले भगवान का रुद्राभिषेक किया। नौका विहार के बाद महेश्वर के भवानी माता मंदिर से भगवान भोलेनाथ की शहर मे शाही सवारी निकली। कार्यक्रम के दौरान कोरोना नियमों का पालन किया गया।


from Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश न्यूज़, Madhya Pradesh Samachar, मध्य प्रदेश समाचार, Madhya Pradesh Ki Taza Khabar, मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, MP News | Navbharat Times https://ift.tt/3xWHAUF
via IFTTT