Top Story

Hindi Diwas 2021: जानें हिन्दी दिवस से जुड़ी कुछ रोचक जानकारियां





jagran josh


देशभर में 14 सितंबर को हिंदी दिवस (Hindi Diwas) के रूप में मनाया जाता है. य‍ह दिन हिंदी भाषा की महत्‍वता और उसकी नितांत आवश्‍यकता को याद दिलाता है. साल 1949 में 14 सितंबर के दिन ही हिंदी को राजभाषा का दर्जा मिला था जिसके बाद से अब तक हर साल यह दिन 'हिंदी दिवस' के तौर पर मनाया जाता है.

इस दिन को महत्‍व के साथ याद करना इसलिए भी जरूरी है, क्‍योंकि अंग्रेजों से आज़ाद होने के बाद यह देशवासियों की स्‍वाधीनता की एक निशानी भी है. विश्वभर में लगभग 54 करोड़ लोग हिन्दी भाषा बोलते और पढ़ते हैं. भारत के अतिरिक्त भी कई देश हैं जहां हिन्दी बोली और समझी जाती है.

आइए जानते है हिन्दी दिवस से जुड़ी कुछ रोचक जानकारियां

•    हिन्दी की खास बात यह है कि इसमें जिस शब्द को जिस तरह से उच्चारित किया जाता है, उसी तरह लिखा भी जाता है.

•    भारत की राजभाषा हिन्दी दुनिया में दूसरी सबसे ज़्यादा बोली जाने वाली भाषा है. भारत में हिन्दी भाषा बोलने वालों की आबादी 46 करोड़ से ज़्यादा है.

•    हिन्दी भारत की आधिकारिक भाषाओं में से एक है और आमतौर पर उत्तर भारत के लोग इसका इस्तेमाल करते हैं.

•    इसके अतिरिक्त हिन्दी मॉरीशस, फिजी, गुयाना, सूरीनाम, त्रिनिदाद और टोबैगो और नेपाल जैसे देशों में भी बोली जाती है.

•    साउथ पैसिफिक महासागर के ओशेनिया में बसा एक द्वीप देश फिजी है. आपको जानकर हैरानी होगी लेकिन फिजी में हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिया गया है. इसे फ़िजियन हिन्दी या फ़िजियन हिन्दुस्तानी भी कहते हैं.

•    देश में भले ही आज अंग्रेजी बोलने और पढ़ने वालों की संख्या तेज़ी से बढ़ रही है, लेकिन फिर भी हिन्दी पाठकों की संख्या सबसे ज़्यादा है.

•    एक रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के 176 विश्वविद्यालयों में हिन्दी एक विषय के तौर पर पढ़ाई जाती है.

•    हिन्दी विश्व में बोली जाने वाली प्रमुख भाषाओं में से एक है. विश्व की प्राचीन, समृद्ध तथा सरल भाषा होने के साथ-साथ हिन्दी हमारी 'राष्ट्रभाषा' भी है.

•    हिन्दी भारत की 22 भाषाओं में से एक है. अधिकतर भारतीय हिन्दी को बोलते और समझते हैं. उत्तर भारत के राज्यों राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में हिन्दी बोली और समझी जाती है.