Indore Airport: आज जाने वाली दुबई उड़ान फुल,आने का किराया 40 हजार 700 रुपये
Indore Airport: इंदौर से दुबई को सीधे जोड़ने वाली एयरइंडिया की उड़ान में सीटों की कमी होने लगी है। आज रवाना होने वाली उड़ान सोमवार को ही फूल हो गई। वहीं वहां से इंदौर आने वाली उड़ान में इकनामिक क्लास का किराया 40 हजार 700 रुपये है। जबकि बिजनेस क्लास में यह किराया 52 हजार 800 रुपये हो गया है। इधर इंदौर से घरेलू मार्ग की कई उड़ानों में यात्रियों की कमी है। जिससे उड़ान कंपनियां लगातार उड़ानें निरस्त कर रही है। बीते कई दिनों से निजी उड़ान कंपनी इंडिगो दिल्ली और बैंगलुरू की उड़ान निरस्त कर रही है।
बीते एक सितंबर से शुरू हुई इस उड़ान को लगातार पूर्व की तरह सप्ताह में तीन दिन करने की मांग की जा रही है। लेकिन अब तक इस पर कोई फैसला नहीं हो सका है। जिससे यात्रियों को मंहगे टिकट पर यात्रा करना पड़ रही है। सोमवार शाम को ही बुधवार दोपहर जाने वाली उड़ान के सारे टिकट बुक हो चुके थे। ट्रेवल एजेंट के अनुसार लोग पहले से ही सीटें बुक करवा रहे है। मांग अधिक होने से किराया भी अधिक है। इससे कम में यात्री को दिल्ली या मुंबई से सीटें उपलब्ध है। एयरलाइंस को जल्द ही इस उड़ान के फेरे बढ़ा देने चाहिए।
आने वाली में भी मांग
एजेंट के अनुसार अब तक आने वाली उड़ान में सीटें खाली रह रही थी और किराया काफी कम था। जिससे दुबई से यात्री केवल 3 घंटे में यहां पर आ सकता था। लेकिन मांग बढ़ने पर यहां पर भी किराया बढ़ गया है। लोग वहां से आ रहे है।
आसपास के जिलों के यात्री भी कर रहे सफर
ट्रेवल एजेंटों के अनुसार इस उड़ान में इंदौर के यात्री तो सफर कर ही रहे इसके अतिरिक्त आसपास के जिलों के यात्री भी इस उड़ान में सफर कर रहे है। पहले इन यात्रियों को दिल्ली या मुंबई जाना होता था। इसलिए भी उड़ान में सीटें कम पड़ रही है।