Top Story

Bhopal Literature News: हिंदी लेखिका संघ ने मनाया 26वां स्‍थापना दिवस

 
भोपाल  राजधानी में श्‍यामला हिल्‍स पर स्‍थित मानस भवन के सभागार में सोमवार को आजादी का अमृत पर्व एवं हिंदी लेखिका संघ का 26वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा, अध्यक्ष अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अनुराधा शंकर एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में मप्र साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे उपस्थित रहे। रघुनंदन शर्मा ने कहा कि सभी लेखिकाएं अपनी कलम चलाकर हिंदुस्तान के सभी परिवारों, समाज एवं पूरे देश को जोड़ने का प्रयास करें।

 उन्होंने कहा कि महिला साहित्यकार हीरक जयंती मनाते हुए इस एक वर्ष में अपनी लेखनी से राष्ट्रवाद की सरिता प्रवाहित कर दें। कार्यक्रम में अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में अनुराधा शंकर ने कहा कि पढ़ना अद्भुत हथियार है, जिसके माध्यम से हम कई जीवन जी लेते हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारत माता का आशय है, हर वो जीव-जंतु जो भारत भूमि पर रहता है, इसलिए जब आप भारत माता की जय बोलते हैं तो आप सभी के कल्याण की बात कर रहे हैं।

बच्‍चों ने दी देशभक्ति रचनाओं की प्रस्तुति : कार्यक्रम में 'शैशव की गिन्नियां" पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया। समारोह का विशेष आकर्षण रहा बच्‍चों द्वारा दी गईं देशभक्ति रचनाओं की मनोरम प्रस्तुतियां, जिसके अंतर्गत छात्रा पूर्वी दंभेरिया, निशिता अहिरवार, नंदिनी सिंह, तनीषा सिंह, सानिया धोलपुरिया, ऐलिन लाल ने राष्ट्रगीत का गान किया। साथ ही श्रुति अग्रवाल, महिमा वर्मा, आद्या भारती, विभोर श्रीवास्तव, नियति सिंह, नवनि श्रीवास्तव ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। 

सभी बच्‍चों को हिंदी लेखिका संघ की ओर से उपहार दिए गए। रिद्धि-सिद्धि ग्रुप द्वारा स्वाधीनता सेनानियों की एवं कला मंच द्वारा वारली आर्ट में रामायण के चित्रों की प्रदर्शनी की लगाई गई। कार्यक्रम का संचालन शशि बंसल ने एवं आभार राधारानी चौहान ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में भोपाल की अनेक संस्थाओं के संचालक एवं साहित्यकार उपस्थित रहे।

from Nai Dunia Hindi News - madhya-pradesh : bhopal https://ift.tt/2YEl7Qq