Weather In Jabalpur : सूरज की तेज धूप पर बादलों का पहरा

जबलपुर, सूरज की चिलचिलाती धूप और उसम भरी गर्मी से लोग बेचैन है। सुबह से निकली धूप लोगों को झुलसा रही है। लेकिन दोपहर बाद आसमान पर बादल छा रहे हैं। पिछले दो दिनों से धूप के बीच बादल छाने का सिलसिला जारी है। लोगों को उम्मीद है कि बादल आज भी चुभती धूप से राहत देंगे। हालांकि बादल छाए रहने के बावजूद मौसम विभाग ने बूंदाबांदी की संभावना नहीं जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि मौसम फिलहाल कुछ दिन शुष्क रहेगा। उत्तरी हवा चलने से रात में जरूर ठंडक का अहसास बढ़ सकता है।
तापमान में आ रहा उछाल : मौसम के मिजाज ऐसे हैं कि अधिकतम तापमान भी लगातार बढ़ने लगा है। अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। जबकि न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर हो गया है। तापमान बढ़ने से दिन में गर्मी का अहसास बना हुआ है। हालांकि उत्तरी हवा से रात में वातावरण में हल्की ठंडक का अहसास कराने लगी है। मौसम विभाग की माने तो आगामी दिनों में तापमान में गिरावट देखी जा सकेगी। हवा की दिशा उत्तरी होने से वातावरण में ठंडक का अहसास भी धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा।