Top Story

सिवनी के युवा पर्वतारोही जतिन बंदेवार ने माउंट गोरीचेन चोटी फतह की फहराया तिरंगा, कलेक्टर ने किया सम्मानित


सिवनी: जिले के कन्हीवाड़ा के रहने वाले युवा पर्वतारोही जतिन बंदेवार ने अपनी मेहनत, अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प के बल पर एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। जतिन ने अरुणाचल प्रदेश स्थित माउंट गोरीचेन की 16,460 फीट की ऊंचाई वाली कठिन ग्लेशियर चोटी का सफल आरोहण कर भारतीय तिरंगा फहराया है। इस बड़ी उपलब्धि के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और हर तरफ उनकी सराहना हो रही है।

युवक की इस शानदार सफलता पर सिवनी कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कलेक्टोरेट कार्यालय में जतिन को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान कलेक्टर ने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। मुलाकात के दौरान पर्वतारोही के माता-पिता, पिता श्री संतोष बंदेवार और माता श्रीमती शिवकुमारी बंदेवार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।



सम्मान समारोह के दौरान कलेक्टर श्रीमती मीना ने जतिन के साथ उनकी पूरी पर्वतारोहण यात्रा, कड़े प्रशिक्षण और अभियान के दौरान सामने आई चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही, उनके आगामी पर्वतारोहण अभियानों और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग और मदद का भरोसा भी दिलाया। कलेक्टर ने कहा कि अत्यंत कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ जतिन ने जो मुकाम हासिल किया है, वह न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे सिवनी जिले के लिए गर्व का विषय है। उनकी यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी अपने सपनों और लक्ष्यों के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

प्रशासन और जिला प्रशासन प्रमुख द्वारा मिले इस सम्मान तथा प्रोत्साहन से पर्वतारोही जतिन और उनके माता-पिता ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आभार जताया है।